मोहाली के डेराबस्सी क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कथित ब्लैक मार्केटिंग का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने एक महिंद्रा पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें रखे कई गैस सिलेंडरों की सील टूटी हुई मिली। लोगा का आरोप है कि गैस एजेंसी के कर्मचारी सिलेंडरों से गैस निकालकर उसे खाली सिलेंडरों में भरकर ब्लैक में बेच रहे थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ऊंचे दामों में बेचने का आरोप यह घटना शुक्रवार को डेराबस्सी इलाके में हुई। लोगों ने एक महिंद्रा पिकअप वाहन को संदिग्ध अवस्था में खड़ा देखा। जांच करने पर वाहन में बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए। संदेह होने पर लोगों ने सिलेंडरों की जांच की, जिसमें कई सिलेंडरों की सील टूटी हुई मिली। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी के कर्मचारी सिलेंडरों से कुछ किलो गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भर रहे थे, ताकि उन्हें ऊंचे दामों पर बेचा जा सके।
मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया वीडियो स्थानीय लोगों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को घेर लिया और घटना का वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग सिलेंडरों की टूटी हुई सील दिखाते हुए गैस की हेराफेरी का आरोप लगाते दिख रहे हैं।
पिछले कई दिनों से चल रही है कमी पिछले कुछ दिनों से डेराबस्सी, जीरकपुर और आसपास के इलाकों में एलपीजी गैस सिलेंडरों की भारी कमी है। उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है और कई बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। ऐसे में ब्लैक मार्केटिंग की इस खबर से लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।