पंचकूला में पुलिस ने चोरी के आरोपी को काबू कर उससे नकदी व लाखों रुपए के सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी की कई वारदातों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ अलग-अलग स्थानों पर मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ जारी है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है। पंचकूला के एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने जानकारी देते हुए बताया कि 7 जनवरी को पंचकूला निवासी एक व्यक्ति ने थाना पिंजौर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 6 जनवरी को वह किसी काम से अपने घर से बाहर गए हुए थे। जब वह वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारी में रखा कैश गायब था। आरोपी हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार शिकायत के आधार पर थाना पिंजौर में चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर निर्मल सिंह के नेतृत्व में जांच अधिकारी मुख्य सिपाही कंवर पाल ने टीम के साथ मिलकर गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी मनोज कुमार उर्फ मौजू निवासी जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश को काबू किया। 2 दिन के रिमांड पर आरोपी डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.50 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। नकदी और आभूषण बरामद इसके अलावा पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये के सोना-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं, जो आरोपी ने हिमाचल प्रदेश में चोरी की वारदातों के दौरान हासिल किए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पंचकूला और हिमाचल प्रदेश में चोरी के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ जारी है और संभावना है कि उससे अन्य चोरी की वारदातों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।