फरीदाबाद में पेड़ पर लटके मिले युवक की पहचान नहीं:50 फुट ऊंचे पेड़ पर टहनियों में लगाया फंदा; बदबू आने से चला पता

फरीदाबाद के सदर थाना क्षेत्र के डीग गांव में पेड़ों की ऊंची टहनियों के बीच लटका मिला एक युवक का शव तीन दिन बीत जाने के बाद भी अज्ञात बना हुआ है। पुलिस मृतक की पहचान के लिए लगातार प्रयास कर रही है और आसपास के सभी थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है। सदर थाना प्रभारी समीर कुमार ने बताया कि 11 मार्च की सुबह करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव के पास खेतों के बीच एक पेड़ की टहनियों में एक व्यक्ति का शव लटका हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक किसान अपनी फसल देखने खेत में गया था। पेड़ों के पास से गुजरते समय उसे तेज बदबू महसूस हुई। जब उसने ऊपर देखा तो पेड़ की ऊंची टहनियों के बीच एक व्यक्ति का शव लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर किसान घबरा गया और उसने तुरंत आसपास खेतों में काम कर रहे अन्य लोगों को बुलाया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उतारा शव सूचना मिलते ही डायल-112, ईआरवी टीम, स्थानीय पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि शव करीब 40 से 50 फुट की ऊंचाई पर टहनियों के बीच फंसा हुआ था, जिससे उसे नीचे उतारना बेहद कठिन हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया, लेकिन शुरुआती प्रयास असफल रहे। बाद में तीन पुलिसकर्मियों ने पेड़ पर चढ़कर करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद शव को नीचे उतारा। पहचान के प्रयास जारी पुलिस के अनुसार, शव काफी समय से लटका हुआ प्रतीत हो रहा था और सड़न के कारण बदबू फैल रही थी। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसकी पहचान के लिए आसपास के सभी थाना-चौकियों में गुमशुदगी की रिपोर्टें खंगाली जा रही हैं। पोस्टमार्टम की तैयारी, जांच जारी थाना प्रभारी समीर कुमार ने बताया कि यदि निर्धारित समय के भीतर मृतक की पहचान नहीं हो पाती है, तो कानूनी प्रक्रिया के तहत शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *