जमालपुर में रेल यात्रियों का सामान चोरी करने वाले एक गिरोह पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ और आपराधिक खुफिया विभाग (सीआईबी) की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सफियाबाद दुर्गा स्थान के पास की गई। जमालपुर रेल पुलिस ने 100 ग्राम सोना लगभग आधा किलो चांदी लगभग 5 लाख रुपए कैश बरामद किया। पश्चिम बंगाल की चार महिला महिला गिरफ्तार की गईं। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पुतुल कुमारी, दुर्गा कुमारी, कडली देवी और शोभा देवी के रूप में हुई है। ये सभी पश्चिम बंगाल के चितरंजन की निवासी हैं। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, ये महिलाएं लंबे समय से रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में यात्रियों के सामान और बैग चोरी करने की घटनाओं में शामिल थीं। वे भीड़भाड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के कीमती सामान पर हाथ साफ करती थीं। आरपीएफ को लगातार यात्रियों से चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के बाद, आरपीएफ ने इन महिलाओं की गतिविधियों पर कई दिनों से नजर रखी। रेलवे स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद उनकी पहचान की गई, जिसके बाद उन्हें पकड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। सहायक सुरक्षा आयुक्त हीरा प्रसाद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम में आरपीएफ के सीआईबी इंस्पेक्टर एसके सुधा, आरपीएफ सब इंस्पेक्टर बसंत प्रसाद, सब इंस्पेक्टर जे मीणा, रेल थाना से दरोगा निरंजन कुमार रजक, एसआई अल मीना हसदा, जमादार शिशुपाल मीणा और कासिम बाजार थाना की टीम शामिल थी। गिरफ्तार महिलाओं से गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है। आरपीएफ टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा इन महिलाओं का नेटवर्क किन-किन रेलवे स्टेशनों तक फैला है। आरपीएफ ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। यात्रियों को भी अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।