कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव; 4 घंटे हड़कंप:फतेहपुर में तीन गांवों के लोग आधी रात को जगे, 500 मीटर पर भंडारा हुआ था

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के धाता विकास खंड के देवरार गांव स्थित अभय कोल्ड स्टोरेज में शुक्रवार रात करीब 9 बजे अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। मशीन रूम में लगे एक पाइप में तकनीकी खराबी के कारण अचानक गैस लीक होने लगी, जिससे आसपास के क्षेत्र में तेज गंध फैल गई। गैस की गंध महसूस होने पर कोल्ड स्टोरेज के ऑपरेटर को सबसे पहले घटना की जानकारी हुई। उसने तत्काल कोल्ड स्टोरेज मैनेजर सौरभ को सूचित किया। सूचना मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड को अवगत कराया गया, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार अशोक कुमार कुशवाहा, धाता पुलिस और कौशांबी तथा फतेहपुर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड टीम ने टेक्नीशियन लायक सिंह की मदद से गैस रिसाव को रोकने का प्रयास किया। लगभग चार घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद रिसाव को पूरी तरह बंद कर दिया गया। गैस की तेज गंध के कारण आसपास के सेमराहाटा, अमदरा और दीदार का पुरवा गांवों के लोग कुछ समय के लिए परेशान रहे। उस समय हवा का रुख इन्हीं गांवों की दिशा में था, जिसके कारण गैस की गंध उन इलाकों तक पहुंच रही थी। बताया गया कि कोल्ड स्टोरेज से लगभग 500 मीटर की दूरी पर एक भंडारे का आयोजन भी चल रहा था। हालांकि, जिस समय गैस का रिसाव हुआ, तब तक भंडारा लगभग समाप्त हो चुका था, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की स्थिति टल गई। प्रशासन के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी लोग सुरक्षित हैं। रात करीब 2 बजे तक स्थिति सामान्य हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *