जालंधर हाइट्स सोसाइटी में मिली 9वीं की छात्रा की लाश:स्कूल कैंपस में हंगामा; मां बोली- टेनिस प्रैक्टिस के लिए छोड़कर गई, पुलिस सुसाइड बता रही

जालंधर के अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के बाहर शुक्रवार देर रात उस समय भारी हंगामा हुआ, जब 14 वर्षीय छात्रा भूमिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही और जानकारी छुपाने के गंभीर आरोप लगाए। इसके अलावा प्रर्दशन कर रहे लोगों ने स्कूल का गेट पुलिस की मदद से खुलवाया। परिजन का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है, लेकिन पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। घटना के 6 घंटे बाद भी सीसीटीवी फुटेज न मिलने और स्कूल प्रबंधन के अड़ियल रवैये के कारण माहौल बेहद तनावपूर्ण बना रहा। मृतक बच्ची भूमिका बारादरी स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में 9वीं कक्षा की छात्रा थी। वह हर रोज अर्बन एस्टेट स्थित स्कूल की दूसरी ब्रांच में टेनिस का अभ्यास करने जाती थी। शुक्रवार को भी उसकी मां राखी सिंघल उसे स्कूल छोड़कर आई थीं, लेकिन शाम को बच्ची घर नहीं लौटी। इसके बाद में उसका शव जालंधर हाइट्स फ्लैट्स के F-ब्लॉक के पास बरामद हुआ। पड़ोसी के मुताबिक, बच्ची के पिता सुनील सिंघल एक इंजीनियर हैं और माता राखी सिंघल गृहिणी हैं। भूमिका इनकी छोटी बेटी थी। इनकी एक बेटी और है, जोकि 18 साल की है। इनका परिवार पंजाबी बाग का रहने वाला है। जबकि, जालंधर हाइट्स सोसाइटी में बच्ची के कुछ दोस्त रहते थे। स्कूल ग्राउंड में मिली टेनिस किट परिजन का सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि बच्ची जालंधर हाइट्स तक गई, तो उसकी टेनिस किट स्कूल के ग्राउंड में ही कैसे रह गई? पिता सुनील सिंघला और मां राखी का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन कुछ छुपा रहा है। टेनिस कोर्ट के एंट्री रजिस्टर में भूमिका का नाम चौथे नंबर पर लिखा है और शुक्रवार को उसके आगे प्रेजेंट लिखा हुआ है। रजिस्टर में कुल 10 बच्चों का नाम है, जिनमें से 7 बच्चे कल प्रैक्टिस के लिए आए थे। इनमें भूमिका भी शामिल है। उनका कहना है कि पुलिस और स्कूल प्रशासन सीसीटीवी फुटेज दिखाने में टालमटोल कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मांग की कि दूध का दूध और पानी का पानी किया जाए। परिजन का मर्डर का दावा जालंधर पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि बच्ची ने आत्महत्या की है, लेकिन वह किन परिस्थितियों में जालंधर हाइट्स पहुंची, इस पर पुलिस के पास फिलहाल कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। जबकि, परिजन का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि स्मार्ट सिटी के दावों के बीच 6 घंटे तक पुलिस एक सीसीटीवी फुटेज क्यों नहीं निकाल पाई? मौके पर पहुंचे एसपी और भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन परिजनों का गुस्सा कम नहीं हुआ। भाजपा नेता भी प्रदर्शन में पहुंचे प्रदर्शनकारियों का साथ देने भाजपा नेता अमित तनेजा भी पहुंचे थे। भाजपा नेता अमित तनेजा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने सुरक्षित इलाके और स्कूल परिसर से एक बच्ची लापता होकर संदिग्ध हालत में मृत पाई जाती है, और प्रशासन सुस्त है। उन्होंने कहा कि जब तक सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक नहीं की जाती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, प्रदर्शन जारी रहेगा। देर रात पुलिस अधिकारियों ने परिजन को अंदर ले जाकर कुछ फुटेज दिखाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति थोड़ी नियंत्रित हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें फिलहाल भूमिका के शव को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। आज डॉक्टरों का एक पैनल शव का पोस्टमॉर्टम करेगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *