लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित पंजाबी बाग के मायापुरी चौक इलाके में जुमे की नमाज के दौरान कुछ शरारती तत्वों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में 3 से 4 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वीडियो में दोनों पक्ष के लोग ईंट-पत्थर फेंकते नजर आए है। घटना स्थल पर काफी ईंट-पत्थर बिखरे मिले। अचानक आए बाइक सवार और कर दिया हमला पीड़ित मोहम्मद अनीस मलिक ने बताया कि वह टिब्बा रोड मायापुरी चौक के रहने वाले हैं। उनके यहां जुमे की नमाज रखी हुई थी। नमाज के दौरान अचानक कुछ लोग वहां आ गए और हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमला करने वालों की रंजिश किसी और के साथ थी, लेकिन उन्होंने हमला उन पर कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में कैद है पूरी घटना अनीस मलिक ने बताया कि आज थाना टिब्बा की पुलिस ने उन्हें बुलाया था और भरोसा दिया है कि मामले में बनती कार्रवाई जरूर की जाएगी। उनके पास घटना की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। उन्होंने मांग की है कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। 3 से 4 लोग हुए घायल घायल मोहम्मद सोनू ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ नमाज पढ़ रहे थे। इसी दौरान दो युवक बाइक पर आए और आते ही हमला कर दिया। जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हमले में 3 से 4 लोग घायल हो गए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नमाज पढ़ना जुर्म है जो उन पर हमला किया गया। हमलावर बाइक पर आए थे और अचानक हमला कर मौके से फरार हो गए। हमले के बाद नमाजियों में मची भगदड़ वहीं हैदर अली ने कहा कि हमलावर कौन थे, उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। दोनों युवकों ने अचानक हमला किया और ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। उन्होंने कहा कि रमजान के महीने में इस तरह का हमला होना बेहद गंभीर बात है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमले के दौरान नमाजियों में भगदड़ मच गई। करीब 40 से 50 लोग मौके पर मौजूद थे। घटना के बाद इलाके के लोगों में भी डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ शरारती तत्व इलाके का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोपियों की पहचान कराने में जुटी पुलिस उधर, थाना टिब्बा के सब इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष शिकायत देकर गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।