इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला को विदेशी नंबर से मिली जान से मारने की धमकी के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार के रवैये पर सख्ती दिखाई है। कोर्ट ने कहा कि अगर अगली सुनवाई तक केंद्र सरकार जवाब दाखिल नहीं करती, तो उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है। सुनवाई के दौरान चंडीगढ़ पुलिस ने कोर्ट को बताया कि जिस नंबर से वॉट्सएप कॉल कर धमकी दी गई थी, वह विदेशी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। इस मामले की जांच जारी है और आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने कोर्ट से कहा कि मामले में जरूरी कार्रवाई की जा चुकी है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। हालांकि हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए एक और मौका देते हुए मामले की सुनवाई आगे के लिए टाल दी। चौटाला की सुरक्षा बढ़ाई गई पुलिस ने कोर्ट को बताया कि अभय सिंह चौटाला की सुरक्षा को लेकर खतरे का आकलन किया गया है और संभावित खतरे की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चंडीगढ़ के सेक्टर-9/ए स्थित उनके मकान के आसपास बीट पेट्रोलिंग और पीसीआर गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस के शपथपत्र के अनुसार अभय सिंह चौटाला को हरियाणा सरकार पहले ही संरक्षित व्यक्ति घोषित कर चुकी है और उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इस सुरक्षा में एक गार्ड टीम के अलावा हरियाणा पुलिस के 7 जवान पायलट और एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात हैं। ये जवान डबवाली (सिरसा) स्थित उनके तेजखेड़ा फार्म समेत अन्य स्थानों पर भी सुरक्षा दे रहे हैं। बेटे ने की थी शिकायत… रात 11 बजे वॉट्सऐप पर कॉल आई: अभय के छोटे बेटे कर्ण सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ के सेक्टर 3 थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने शिकायत में लिखा 15 जुलाई 2025 की रात अभय सिंह चौटाला के बेटे कर्ण सिंह चौटाला के मोबाइल फोन पर रात 10:51 बजे उन्हें +447466061671 नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई, लेकिन बिना बात किए हुए ही वह कॉल काट दी गई। पिता को समझा ले, नहीं तो प्रधान के पास भेज देंगे: इसके बाद इसी नंबर से मुझे वॉयस मैसेज मिला, जिसमें मुझे मेरे नाम से संबोधित करते हुए मेरे पिता अभय सिंह चौटाला का नाम लेते हुए गलत भाषा का प्रयोग किया गया। साथ ही धमकी दी कि पिता को समझा ले, वो मेरे रास्ते में न आएं, नहीं तो उसको भी प्रधान के पास भेज देंगे। चौटाला के सेक्रेटरी को भी मैसेज भेजा: इसके बाद इसी नंबर से ही कॉल और वॉयस मैसेज पिता के प्राइवेट सेक्रेटरी रमेश गोदारा को भी मिला, जिसमें लिखा कि ये आखिरी चेतावनी है। 2023 में भी धमकी मिली थी: कर्ण चौटाला ने आगे बताया था कि पापा को 18 जुलाई, 2023 को जींद में हरियाणा परिवर्तन पद यात्रा के दौरान भी जान से मारने की धमकी मिली थी। इसकी रिपोर्ट जींद थाने में मुकदमा संख्या 10321 में दर्ज है। प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह की गोलियां मारकर हत्या की थी: कर्ण ने शिकायत में लिखा कि वॉयस नोट में प्रधान का जिक्र किया गया है। मैं अवगत करवाना चाहता हूं कि हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की गोलियों से भून कर निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिनके हत्यारे आज भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हमारा परिवार सरकार की गलत नीतियों और हरियाणा में बढ़ रहे नशे और क्राइम के खिलाफ लगातार आवाज उठाता रहा है। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी: कर्ण ने कहा था- फोन करने वाले व्यक्ति को हम नहीं जानते हैं, न ही ये नंबर हमारे पास सेव हैं। यही वजह है कि किसी अप्रिय घटना घटित होने की आशंका से हम ये सब आपकी जानकारी में लाए हैं। आपसे अनुरोध है कि आप जल्द से जल्द इनका पता लगाकर इनको गिरफ्तार करें। वर्तमान में अभय चौटाला के पास Y+ सिक्योरिटी अभय सिंह चौटाला इस समय Y+ सिक्योरिटी में हैं, जिसमें 11 सुरक्षा कर्मी, 1–2 कमांडो और 2 पीएसओ शामिल होते हैं। चौटाला का कहना है कि वर्तमान सुरक्षा उनकी जरूरतों के अनुसार पर्याप्त नहीं है, इसलिए उन्होंने 24 घंटे केंद्रीय एजेंसी द्वारा Z+ या Z श्रेणी की सुरक्षा देने की मांग रखी है। जेड प्लस सुरक्षा देश की सर्वोच्च श्रेणी है, जिसमें 55 से अधिक प्रशिक्षित जवान और NSG कमांडो तैनात होते हैं। चौटाला के अनुसार, उन्हें मिल रही धमकियों की गंभीरता देखते हुए यह सुरक्षा अनिवार्य है।