लुधियाना में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। फाउंटेन चौक के पास स्थित पवेलियन मॉल की चौथी मंजिल पर एक युवक से स्नैचर ने iPhone छीन लिया और आराम से मॉल से बाहर निकल गया। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद भी मॉल की सुरक्षा टीम आरोपी को रोक नहीं पाई। पीड़ित की पहचान सेखेवाल रोड निवासी सौरव मेहरा के रूप में हुई है। सौरव ने बताया कि वह पवेलियन मॉल की चौथी मंजिल पर घूम रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनके पास आया और अचानक उनका iPhone छीनकर सीढ़ियों की ओर भाग गया। सौरव ने बताया कि आरोपी ने कोई मास्क नहीं पहना हुआ था और उसका चेहरा मॉल के सीसीटीवी कैमरों में साफ कैद हो गया है। घटना के तुरंत बाद उन्होंने थाना डिवीजन नंबर 8 में शिकायत दर्ज करवाई। आधे घंटे में फोन का पासवर्ड तोड़ खाते से निकलवाए 20 हजार पीड़ित के अनुसार स्नैचिंग के करीब आधे घंटे के भीतर ही आरोपी ने फोन का पासवर्ड तोड़ लिया और उनके एक फाइनेंशियल ऐप से 20 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। यह रकम प्रदीप नाम के व्यक्ति के खाते में भेजी गई। सौरव ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि आरोपी ने इतनी जल्दी iPhone और फाइनेंशियल ऐप का पासवर्ड कैसे तोड़ लिया। मॉल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज देने से किया इंकार पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मॉल प्रबंधन ने शुरुआत में उन्हें सीसीटीवी फुटेज देने से इनकार कर दिया था। बाद में यह फुटेज पुलिस को सौंप दी गई। पीड़ित के मुताबिक पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की लोकेशन रायकोट तक ट्रेस कर ली है। सीसीटीवी फुटेज और ट्रांसफर हुई रकम के आधार पर आरोपी की पहचान में भी मदद मिली है। घटना के बाद लोगों में मॉल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अगर मॉल के अंदर ही लोग सुरक्षित नहीं हैं तो सड़कों पर सुरक्षा की क्या गारंटी है।