अंबाला के महेश नगर क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक गद्दे के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में दुकानदार का कान झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। महेश नगर निवासी करन की गद्दों की दुकान है और दुकान के ठीक पीछे ही उन्होंने अपना गोदाम बनाया हुआ था। शनिवार दोपहर अचानक गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा इलाका धुएं से भर गया। गद्दों में रुई और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने तेजी से पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से बची आसपास की दुकानें सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास की दुकानों को जलने से बचा लिया। फायर ब्रिगेड कर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका पीड़ित दुकानदार करन ने बताया कि सीजन को देखते हुए कुछ दिन पहले ही गोदाम में नया माल मंगवाया गया था। आग इतनी तेजी से फैली कि कीमती सामान निकालने का मौका ही नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। यहां देखें फोटो…