मोतिहारी में राजमिस्त्री की करंट से मौत:मकान निर्माण के दौरान हुआ हादसा, हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया

मोतिहारी में शनिवार को मकान निर्माण के दौरान एक राजमिस्त्री की हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सेमरा गांव निवासी भरत राउत के 28 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है। घटना जिले के के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के बेलवा राय टोला मननपुर गांव में घटी। मुकेश मननपुर गांव निवासी सुरेश पटेल के घर पर राजमिस्त्री के तौर पर काम कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह मकान की छत पर काम करते समय ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही मुकेश छत से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मुकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर तुरकौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुकेश अपने परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर गहरा संकट आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *