BJP अपनी हारी सीट हमें दे, हम जीतकर दिखाएंगे:गोरखपुर में संजय निषाद ने कहा- पिछली बार 16 में से 9 सीटें जीती थी

गोरखपुर में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा- मेरी पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी कर रही है। 2027 में निषाद पार्टी और एनडीए मिलकर चुनाव लड़ेंगे और बड़ी जीत हासिल करेंगे। संजय निषाद ने कहा- अगर ऐसी सीटें हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार जीत नहीं पा रहा है, तो वह सीट निषाद पार्टी को दे दी जाए। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी उन सीटों पर जीतकर दिखाएगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पिछली बार मेरी पार्टी को 16 सीटें मिली थीं, जिनमें से 9 सीटों पर जीत हासिल की गई थी। 22 मार्च को गोरखपुर में होगी बड़ी चेतना रैली
संजय निषाद ने बताया- 22 मार्च को गोरखपुर के दिग्विजयनाथ पार्क में निषादराज की जयंती के अवसर पर एक बड़ा चेतना समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उनका कहना है कि समाज के लोगों को यह बताया जा रहा है कि किस तरह उन्हें ओबीसी में डाल दिया गया। पार्टी की मांग है कि निषाद समाज को ओबीसी से हटाकर एससी का दर्जा दिया जाए। समाज के लोग अब जागरूक हो रहे हैं और बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खड़े हैं। सिलेंडर के मुद्दे पर विपक्ष पर हमला
सिलेंडर की कीमत और कमी को लेकर चल रही राजनीति पर भी संजय निषाद ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता दोहरे चरित्र की राजनीति कर रहे हैं। उनके अनुसार कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों के समय गैस सिलेंडर की नियमित कमी रहती थी। उन्होंने कहा कि हाल ही में हापुड़ में समाजवादी पार्टी के एक नेता के घर से बड़ी संख्या में सिलेंडर मिलने की खबर सामने आई है। ऐसे मामलों से साफ है कि विपक्ष के लोग ही कालाबाजारी कर रहे हैं और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। संजय निषाद ने कहा कि जो भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उसे जेल जाना पड़ेगा। गोरखपुर में भी दो गैस एजेंसियों पर कालाबाजारी के मामले सामने आए थे और दोनों एजेंसी मालिक इस समय जेल में हैं। किसानों को सम्मान देने की बात
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए संजय निषाद ने कहा- पहले की सरकारें सिर्फ “जय जवान जय किसान” का नारा लगाती थीं, लेकिन किसानों के लिए ठोस काम नहीं करती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों में किसान परेशान रहे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार किसानों के सम्मान के लिए काम कर रही है। किसान सम्मान निधि को उन्होंने किसानों के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि किसान देश की शान हैं और सरकार उन्हें आधुनिक तकनीक और आर्थिक सहायता दोनों देने की दिशा में काम कर रही है।
———————— ये खबर भी पढ़िए- ओवैसी बोले- सुनो संभल DSP मुल्क आपके बाप का नहीं, इजराइली प्रधानमंत्री की भाषा बोल रहे संभल में CO कुलदीप कुमार का ‘जहाज में बैठकर ईरान चले जाओ’ वाला बयान तूल पकड़ता जा रहा है। AIMIM नेता सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पलटवार करते हुए कहा- ये मुल्क आपके बाप का नहीं। तुम इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की जुबान बोल रहे हो। पूरी खबर पढ़िए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *