राज्य के किसानों को गन्ना मूल्य का 91 फीसदी भुगतान हुआ

पेराई सत्र समाप्त होने के पूर्व ही चीनी मिल संचालकों ने किसानों से खरीदे गए गन्ना मूल्य की 91 फीसदी राशि का भुगतान कर दिया है। शेष बकाया का शीघ्र भुगतान करने का आदेश गन्ना उद्योग विभाग ने मिल संचालकों को दिया है। विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार पेराई सत्र 2025-26 शुरू होने के साथ ही राज्य में चीनी मिलों ने गन्ने की खरीद शुरू कर दी। राज्य के किसानों से करीब 211080.32 लाख की लागत से 567.20 लाख क्विंटल गन्ना खरीदा गया। इसके एवज में चीनी मिल संचालकों ने 12 मार्च तक करीब 191823.99 लाख रुपए का भुगतान किसानों को किया है। हरिनगर चीनी मिल ने सबसे अधिक गन्ना खरीदा है। दूसरे स्थान पर नरकटियागंज और तीसरे स्थान पर बगहा चीनी मिल है। विभागीय आकडों के अनुसार हरिनगर चीनी मिल ने 127.80 लाख क्विंटल, बगहा ने 81.08 लाख क्विंटल, नरकटियागंज ने 99.78 लाख क्विंटल, मझौलिया ने 53.79 लाख क्विंटल, हसनपुर ने 44.95 लाख क्विंटल, सिधवलिया ने 44.51 लाख क्विंटल, गोपालगंज ने 33.82 लाख क्विंटल, लौरिया ने 32.47 लाख क्विंटल, सुगौली ने 27.98 लाख क्विंटल, रीगा चीनी मिल ने 17.48 लाख क्विंटल गन्ना खरीदा है। प्रतापपुर चीनी मिल ने सीवान के किसानों से 3.58 लाख क्विंटल गन्ना खरीदा है। इसके एवज में चीनी मिलों ने गन्ना मूल्य का 91 फीसदी से अधिक राशि भुगतान कर दिया है। ईखायुक्त ने बताया कि सभी मिलों को आदेश दिया गया है कि गन्ना किसानों का जो बकाया राशि है उसे शीघ्र भुगतान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *