हरियाणा में सुबह आंधी के साथ बारिश हुई:अगले 3 घंटे तक 15 जिलों में बूंदाबांदी-आंधी का अलर्ट; किसानों की बढ़ी चिंता

हरियाणा में रविवार सुबह मौसम ने करवट ले ली है। सुबह 4 बजे से ही प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में आंधी चलने लगी। इसके बाद बादलों की गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। सोनीपत, कैथल, हिसार और महेंद्रगढ़ समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई है। बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज (15 मार्च) के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोनीपत में पिछले दो घंटों तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है। वहीं, कैथल के कलायत में सुबह 5 बजे बारिश के बाद अब आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। हिसार में भी आसमान बादलों से ढ़का है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में मौसम खराब है। गुरुग्राम में भी बादलों की गड़गड़ाहट के साथ सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। अगले 3 घंटों का पूर्वानुमान चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, अगले कुछ घंटों में चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, रेवाड़ी और गुरुग्राम सहित लगभग पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। कहीं ओलावृष्टि तो कहीं 50 KM की रफ्तार से हवाएं: पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी आशंका जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में रात को ही बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बन गई थी। मौसम विभाग ने 15 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आंधी को लेकर येलो व ओरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। आज कई जिलों में मौसम रहेगा खराब इसके बाद 18 से 20 मार्च के बीच बारिश की गतिविधियां और बढ़ने का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से जींद, कैथल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, पलवल, गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, नूंह, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, यमुनानगर और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 16 से 20 मार्च तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च को भी कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ बारिश हो सकती है। ऐसा रहेगा मौसम… 15-16 मार्च: तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। 17 मार्च: मौसम में थोड़ी शांति रहने की उम्मीद है। 18 से 20 मार्च: बारिश की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ेंगी और इसका दायरा पूरे प्रदेश में फैल सकता है, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आएगी। किसानों के लिए जारी की एडवाइजरी कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि आंधी-तूफान के दौरान खेतों में काम करने से बचें और गेहूं व अन्य रबी फसलों को तेज हवाओं से बचाने के उपाय करें। साथ ही इस दौरान सिंचाई और कीटनाशकों के छिड़काव से भी बचने की सलाह दी गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर, नूंह सबसे गर्म
हरियाणा में शनिवार को अधिकतम तापमान में औसतन 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस नूंह में दर्ज किया गया। हिसार में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 4.7 डिग्री अधिक है। चरखी दादरी में 33.3, भिवानी में 32.6 और महेंद्रगढ़ में 32.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले कुछ दिनों में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *