कैथल जिले के तितरम थाना क्षेत्र के एक गांव से करीब 20 वर्षीय युवती लाखों रुपए कीमत के सोना-चांदी के गहने और एक लाख रुपए नकद लेकर घर से फरार हो गई। घटना 12-13 मार्च की रात की बताई जा रही है, जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। युवती के परिजनों ने तितरम थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी घर पर ही रहती थी। 12-13 मार्च की रात करीब 12 बजे वह किसी को बताए बिना घर से निकल गई। उसके साथ एक लाख रुपए नकदी, दो तोले सोने के गहने और ढाई सौ ग्राम चांदी के जेवर भी थे। परिवार ने की तलाश, नहीं मिला कोई सुराग परिजनों ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर युवती की तलाश की और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी तितरम थाना के जांच अधिकारी राम मेहर सिंह ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर लापता होने का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी है और सभी संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है।