आज भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का जन्मदिन है। आज वह अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। खेसारी लाल रविवार दोपहर पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां बर्थडे विश करने पर उन्होंने फैंस को शुक्रिया कहा। इस दौरान अन्मय सवालों पर वे बोलने से बचे। बर्थडे को लेकर पटना में भी कई जगह कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। दानापुर फरीदपुर नौबतपुर रोड में खेसारी की उपस्थिति में जन्मदिन का केक काटा जाएगा। वहीं, खेसारी के बर्थडे के अवसर पर पटना के विभिन्न जगहों पर कुछ लोगों द्वारा भंडारा का आयोजन किया गया है। बोरिंग रोड चौराहा पर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मुख्य प्रोग्राम होगा। पवन सिंह और खेसारी यादव के बीच जुबानी जंग पवन सिंह और खेसारी यादव के बीच जुबानी जंग चल रही है। खेसारी ने पवन के बर्थडे सेलिब्रेशन को लेकर मज़ाक बनाया था। दरअसल, पवन सिंह अपने बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान लड़खड़ाते नजर आए थे। वीडियो सामने आने पर आरोप लगा कि पवन केक काटने के दौरान नशे में थे। अगले दिन खेसारी ने एक स्टेज प्रोग्राम में पवन सिंह का मजाक उड़ाया था। लड़खड़ाकर मिमिक्री करते हुए कहा था, ‘वो बोल नहीं रहा है, हिल के बता रहा है कि अंदर कुछ गया है। लोग इत्ती सी पी लेते हैं तो हिलने लगते हैं, हमें देखो एक ही जगह खड़े हुए हैं।’ एक दूसरे से नहीं मिलना चाहते पवन-खेसारी एक इंटरव्यू में पवन सिंह ने खेसारी लाल यादव पर तंज करते हुए कहा कि वह खेसारी से कभी नहीं मिलना चाहते हैं। इसपर खेसारी ने पटना एयरपोर्ट पर पलटवार करते हुए कहा था, ‘अगर वे मुझसे नहीं मिलना चाहते हैं तो कोई बात नहीं। हर कोई अपनी जिंदगी में आजाद है। वे किसी से मिले या न मिले। पवन सिंह के मिलने से न मेरा घर चलता है और न ही उनके मिलने से किसी का घर चलता है।’ खेसारी ने रवि किशन को दिया था जवाब कुछ दिन पहले गोरखपुर महोत्सव में रवि किशन ने खेसारी लाल का मजाक उड़ाया था। उन्होंने बिना नाम लिए कहा था कि, एक एक्टर है जब वो नया-नया इंडस्ट्री में आया था तो पहले दोनों पैर छूकर सम्मान करता था, फिर थोड़ा स्टारडम मिला तो घुटना छूने लेगा। अब आगे कुछ नहीं बोलेंगे। खेसारी ने भी रवि किशन की बात पर पलटवार किया था। उन्होंने कहा कि मेरा बाप मत बनिए। मुझे पैदा करने वाला मेरा बाप है। मैं आपका सम्मान करता हूं और आगे भी सम्मान करुंगा क्योंकि यह मेरे संस्कार में है। कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में खेसारी ने कही थी बात कोलकाता के एक कार्यक्रम में खेसारी लाल यादव ने कहा था कि पहले यहां छूता था, ‘अब यहां छूता है। शुक्र मनाइए कि आपका सम्मान करने वाला आपका भाई है। यहां आजकल तो बेटा अपने बाप का पैर नहीं छूता है। मुझे पैदा करने वाले का नाम मंगरु यादव है तो आप मेरा आप मत बनिए। मैं मानता हूं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप मेरे बाप हो गए। आप उतना ही बोलिए जितना बर्दाश्त किया जाए।’ खेसारी लाल ने आगे कहा, ‘आज भी आप मिलेगा तो मैं आपका पैर छू लूंगा। यह मेरे संस्कार है। आप मुझे कितना भी नीचे गिराना चाहो, लेकिन जिसे जनता ने बनाया है वह कभी नहीं झुक सकता है।’