आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक महिला की पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पिटाई के साथ ही महिला ने आरोपियों पर छेड़खानी का आरोप भी लगाया है। घायल महिला को इलाज के लिए लालगंज के 100 सैया संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। इस मामले में पीड़िता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट गांव निवासी मीरा देवी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी पप्पू, सोनू, मुकेश और राकेश पुत्र रिबई ने पुरानी रंजिश के चलते रविवार सुबह उनकी सास धनदेई को लाठी-डंडों से जमकर पीटना शुरू कर दिया। मीरा देवी का कहना है कि जब वह अपनी सास को बचाने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ छेड़खानी की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और वैधानिक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।