डंपर ने बाइक सवार युवकों को रौंदा:एटा के दो चचेरे भाइयों समेत तीन की मौत, फर्रुखाबाद से लौट रहे थे घर

एटा में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। फर्रुखाबाद के नवाबगंज चौराहा पर एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवकों के शरीर के चीथड़े उड़ गए। मृतकों में दो चचेरे भाई शामिल हैं। हादसा शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीन युवक फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे थे। जैसे ही वे नवाबगंज चौराहे पर पहुंचे, मोहम्मदाबाद मार्ग की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बजरी लदे डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक और बाइक करीब 100 मीटर दूर जा गिरे, जबकि दो युवकों को डंपर रौंदते हुए लगभग 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। डंपर आगे बढ़ते हुए ‘मिश्रा बीज भंडार’ के पास लगे पाकड़ के पेड़ को उखाड़ते हुए दुकान के टीन शेड में खड़ी कार से जा टकराया, जिससे कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों की पहचान कुड़ा गांव निवासी पुष्पेंद्र (20) पुत्र कमलेश, अर्पित (20) पुत्र मानसिंह और नीशू (15) पुत्र कैलाश के रूप में हुई है। पुष्पेंद्र और अर्पित आपस में चचेरे भाई थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि अर्पित इंटरमीडिएट का छात्र था और उसकी शादी हाल ही में तय हुई थी। मई में उसकी बारात जानी थी। वहीं नीशू नौवीं कक्षा का छात्र था और गांव के ही सुभाष इंटर कॉलेज में पढ़ता था। हादसे के बाद कुड़ा गांव में मातम छा गया है। गांव के लोगों के अनुसार घटना के बाद कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। आसपास के गांवों से भी सैकड़ों लोग पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों युवक बाइक से अपने ननिहाल जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। शव जैसे ही गांव पहुंचे, परिजनों में चीत्कार मच गई और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *