जयनगर थाना परिसर में रविवार देर शाम दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। थाना अध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, रोजेदार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारा और एकता को मजबूत करना है। कार्यक्रम में जयनगर के डीएसपी राघव दयाल, साइबर थाना के डीएसपी अंकुर कुमार, बीडीओ राजीव रंजन और सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह उपस्थित थे। इनके साथ मुख्य पार्षद कैलाश पासवान और उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अरविंद तिवारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों में जसीम अख्तर, मो. अनस, मो. बलाल खा, मो. फहीमुद्दीन अंसारी, मोनिका कुमारी, हीरामणि और अमित कुमार सहित कई पुलिसकर्मी भी शामिल थे। इसके अतिरिक्त, पंचायत समिति सदस्य मो. अकबर, सरपंच जहांगीर हासमी, जिलानी आजाद, मो. शकील, भूषण सिंह, सुरेंद्र महतो, पवन यादव, धीरेंद्र झा और अरुण गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी शिरकत की। उपस्थित लोगों ने एक साथ इफ्तार किया और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लिया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने में सहायक होते हैं। रमजान का महीना सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को एक साथ आने, सद्भाव बढ़ाने और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करता है। इस आयोजन को गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल के तौर पर देखा गया, जहाँ सभी ने मिलकर देश की तरक्की, खुशहाली और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए दुआएं मांगीं। सभी उपस्थित लोगों ने समाज में समरसता एवं सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखते हुए मिल-जुलकर साझी संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया।