सोनपुर पुलिस ने गोविंदचक दुर्गा मंदिर स्थित पोखर से एक लापता व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान गोविंदचक निवासी स्वर्गीय मैनेजर शाह के पुत्र टीपन शाह (50) के रूप में हुई है। वह पिछले एक सप्ताह से लापता थे। अपर थाना प्रभारी नीलिमा कुमारी ने रविवार शाम को बताया कि मृतक टीपन शाह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। उनके परिजनों ने बताया कि वह खोमचे में चना और मकई के भुजे बेचने का काम करते थे। टीपन शाह के पुत्र रंजीत कुमार साह ने 9 मार्च, 2026 को सोनपुर थाने में अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया था कि टीपन शाह 8 मार्च, 2026 की सुबह घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। पुलिस गुमशुदगी के आधार पर उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान रविवार को गोविंदचक स्थित दुर्गा मंदिर के पास पोखर में एक सड़ा-गला शव पानी के ऊपर दिखाई दिया। राहगीरों ने इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने शव की पहचान टीपन शाह के रूप में की। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और प्रशासन से तत्काल अंतिम संस्कार की अनुमति मांगी। पुलिस ने परिजनों की गुहार पर शव उन्हें अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आशंका जताई है कि पोखर के पास जाते समय पैर फिसलने के कारण टीपन शाह पानी में गिर गए होंगे और डूबने से उनकी मौत हो गई।