अमृतसर | डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन 16 और 17 मार्च को 2 दिवसीय पेन डाउन स्ट्राइक पर रहेगी। यूनियन ने जारी पत्र में आरोप लगाया गया है कि थाना जंडियाला गुरु की पुलिस ने सूबा प्रधान तजिंदर सिंह नंगल के साथ उनके घर में घुसकर बदसलूकी की और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। बीते 9-10 मार्च की रात करीब 12 बजे एसएचओ ने पुलिस बल के साथ गांव नंगल दयाल में प्रधान के घर पर बिना किसी शिकायत के ही छापेमारी की। महिलाओं के सामने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। दाढ़ी पर हाथ लगाया और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। जब तक उक्त पुलिस कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर बर्खास्त नहीं किया जाता विरोध जारी रहेगा। 16 और 17 मार्च को पूरे पंजाब के डीसी दफ्तर, एसडीएम, तहसील और उप-तहसील कार्यालयों में हड़ताल रहेगी। 16 को सुबह 11 से दोपहर 1:30 बजे धरना दिया जाएगा। 17 को एसएसपी (देहाती) कार्यालय का घेराव होगा। 2 दिन तक सरकारी कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह बंद रहने से जमीन की रजिस्ट्री, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रमाण पत्र और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।