लूट की नीयत से रिटायर्ड जेई की पत्नी की गला घोंटकर हत्या, निर्माणाधीन मकान में मिली लाश

भास्कर न्यूज | अमृतसर अजनाला के गांव मोहन भंडारियां में निर्माणाधीन मकान में रिटायर्ड जेई की पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। जिस समय वारदात हुई बुजुर्ग महिला मकान में अकेली थी। मृतका की पहचान परमजीत कौर (65) के रूप में हुई है। घटना शनिवार दोपहर 2 बजे की है। मकान में काम करने वाले मिस्त्री जब खाना खाकर लौटे तो परमजीत की लाश कमरे के अंदर पड़ी मिली। कान से खून बह रहा था और शरीर पर चोट के निशान थे, जबकि सोने की बालियां और चूड़ियां गायब थी। इसीलिए आंशका है कि लूट के इरादे से अज्ञात ने गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना झंडेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। मैं सेनेटरी का काम करने के लिए पहले दिन इस मकान में आया था। जैसे ही मैं काम को लेकर घर के अंदर गया तो देखा कि जमीन पर एक बुजुर्ग महिला मुंह के बल लेटी हुई थी। पहले लगा कि वह सो रही हैं मगर सोचा कि जमीन पर क्यों सोएंगी। बाहर काम कर रहे मिस्त्री से पूछा कि अंदर एक बुजुर्ग सोई हुई है वो कौन है। मिस्त्री ने कहा कि घर की मालकिन हैं। फिर मैं और मिस्त्री अंदर गए और उन्हें हिलाया तो देखा कि कान से खून निकल रहा था। जिसके बाद हम दोनों ने शव को उठाकर बाहर मंजे पर रखा और मालिक को फोन कर जानकारी दी। -जैसा जोगा सिंह ने बताया। मृतका के बेटे सुमनदीप सिंह ने बताया कि 14 मार्च सुबह करीब साढ़े 10 बजे पिता सतनाम सिंह उनकी मां परमजीत कौर को निर्माणाधीन मकान पर मिस्त्रियों की देखरेख के लिए छोड़कर रिश्तेदार के शगुन समारोह में फतेहगढ़ चूड़ियां गए थे। वह रोज की तरह अपनी दुकान पर था। दोपहर करीब 2:09 बजे मिस्त्री सुच्चा सिंह निवासी मोहन भंडारियां की कॉल आई कि मां निर्माणाधीन घर के कमरे में जमीन पर गिरी हुई हैं। जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि मां का शव बाहर चारपाई पर रखा ​था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *