मार्च का तीसरे सप्ताह के साथ ही सर्दी लौट आई है। रविवार दोपहर से शुरू हुई रिमझिम बारिश पूरी रात बरसती रही। सोमवार सुबह की शुरूआत तेज बरसात से हुई। जिसने मौसम में ठंडक घोल दी है। गलियों-सड़कों में बारिश का पानी जमा हो गया। पारा ऐसा लुढ़का कि लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। सोमवार को तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। बता दें, 3 दिन पहले अधिकतम तापमान 32 डिग्री पहुंच चुका था। जो अब 20 डिग्री सेल्सियस तक आ चुका है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक गरज के साथ तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई है। आधा मार्च गर्म, अब लौटी सर्दी पठानकोट के हालात ऐसे हैं कि आधा मार्च गर्म रहा और अब बारिश के बाद सर्दी का मौसम लौट आया है। बीते 24 घंटे के दौरान 15 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। हवाएं चलने से ठंड भी तेज हो गई है। अधिकतम तापमान 8 डिग्री गिरकर 20.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज हवाएं चलने के कारण ठंड बढ़ गई है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लिया। पहले पखवाड़े में 60 फीसदी कम बारिश फरवरी के बाद अब जिले में मार्च के पहले पखवाड़े में भी बारिश रिकॉर्ड की गई है। अमूमन पठानकोट में 1 मार्च से 15 मार्च के बीच 35 एमएम बारिश रिकॉर्ड की जाती है, जबकि वर्तमान में सिर्फ 15 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है, जोकि सामान्य से 60 फीसदी कम बारिश है। इसके चलते फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है। आज 40 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कल बारिश मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पंजाब और उसके आसपास के इलाकों में बना हुआ है। 16 मार्च को पूरा दिन पठानकोट के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज व 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मंगलवार के लिए यैलो अलर्ट जारी इधर, मौसम विभाग ने कल भी बारिश और तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 और 18 मार्च को जिले में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से 19 और 20 मार्च को जिले में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज व 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।