करनाल में 7 बहनों के इकलौते भाई की मौत:ट्रैक्टर-थ्रेसर से टकराई बाइक; दोस्त की हालत गंभीर, पत्नी 9 माह की गर्भवती

करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र में खोराखेड़ी रोड पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार दोनों युवक ट्रैक्टर-थ्रेसर से टकरा गए थे। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों को घरौंडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक को पहले करनाल और बाद में चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खोराखेड़ी के पास हुआ हादसा मुनक के रहने वाले 25 वर्षीय राजू शनिवार की रात अपने साथी पंकज के साथ बाइक पर बहन के घर से गांव लौट रहा था। रात करीब साढ़े 10 बजे जब वे खोराखेड़ी के नजदीक पहुंचे, तो उनकी बाइक सामने चल रहे ट्रैक्टर-थ्रेसर से टकरा गई। उस समय बाइक पंकज चला रहा था। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद राजू को मृत घोषित कर दिया। पंकज की हालत गंभीर होने पर उसे करनाल के अस्पताल में रेफर किया गया, जहां से बाद में चंडीगढ़ पीजीआई भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर करनाल के मोर्च्युरी हाउस में रखवा दिया। रविवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पत्नी नौ माह की गर्भवती, घर में पसरा मातम मुनक निवासी शीशपाल ने बताया कि राजू सात बहनों का इकलौता भाई था। उसकी पत्नी करीब नौ माह की गर्भवती है और कुछ ही दिनों में डिलीवरी होने वाली थी। परिवार को उम्मीद थी कि घर में खुशियां आने वाली हैं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया। घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि शीशपाल की शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *