छपरा में जहरीली शराब से 5 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। रविवार रात जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी सूरज महतो के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। पुलिस सूरज को गिरफ्तार कर उसे हथियार बरामद करने ले जा रही थी। इसी दौरान उसने हथियार निकालकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। वो भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाकर गोली मारी। गोली उसके पैर में लगी है। इसके बाद उसे छपरा सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है। अब सिलसिलेवार तरीक से जानिए पूरी वारदात… घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए….. पुलिस के अनुसार, छपरा में हाल में जहरीली शराब से 5 लोगों की मौत हुई थी। इसमें पानापुर थाना क्षेत्र के मिथाव गांव के सूरज महतो की भी भूमिका सामने आई थी। घटना के बाद से वो फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। गुप्त सूचना के आधार पर उसे कटिहार से गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद पूछताछ के दौरान अवैध शराब से जुड़े ठिकानों की निशानदेही कराने ले जाते समय उसने भागने की कोशिश की, इस दौरान मुठभेड़ की यह घटना हुई। कटिहार से पुलिस ने किया था गिरफ्तार मामले की गंभीरता को देखते हुए सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सूरज महतो कटिहार जिले में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे सारण लेकर आ रही थी। पूछताछ के दौरान आरोपी से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य ठिकानों और उसके सहयोगियों के बारे में जानकारी ली जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम उसे मशरख थाना क्षेत्र के सिमरी चंवर में स्प्रिट और अवैध शराब से जुड़े सामान की तलाश के लिए लेकर गई। फायरिंग कर भागने की कोशिश करने लगा बताया जाता है कि इस दौरान सूरज महतो ने मौका पाकर छिपाकर रखे हथियार से अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश करने लगा। अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मी सतर्क हो गए और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली सूरज महतो के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ज़हरीली शराब के इस अवैध नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। जहरीली शराब से अस्पताल में भर्ती लोगों की कहानियां सबसे पहले 11 मार्च को हुई संतोष महतो की मौत जहरीली शराब से मौत की शुरुआत 11 मार्च की रात से हुई, जब मशरक थाना क्षेत्र के चंद्रमा महतो के बेटे संतोष महतो की मौत हो गई। जिला प्रशासन के अनुसार, संतोष महतो की तबीयत कई दिनों से खराब थी और उन्होंने तीन दिनों से खाना भी नहीं खाया था। कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्होंने शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि, जब तक प्रशासन को घटना की जानकारी मिली, तब तक परिवार वालों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया था। इस वजह से पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया और मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। वहीं, संतोष के डॉक्टर की रिपोर्ट में एल्कोहल इनहेल की बात सामने आई है। इसकी जांच पुलिस कर रही है। संतोष महतो की पत्नी ने बताया, पति 10 मार्च की देर रात घर आए थे। उन्होंने दूध और रोटी खाई और सो गए। अगली सुबह से उनके पेट में दर्द शुरू हुआ और कई बार उल्टी हुई। मेरे पति पहले भी शराब पी चुके थे। इसी वजह से उनकी मौत हुई है। दूसरे दिन पानापुर के सुकन नट की मौत दूसरी मौत 12 मार्च की रात पानापुर थाना क्षेत्र के धेनुकी गांव निवासी सुकन नट की हुई। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल मैक्स में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 13 मार्च की सुबह उनका शव छपरा लाया गया, जहां सदर अस्पताल में उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। तीसरे दिन तीन और मौतें 13 मार्च को मशरक और पानापुर इलाके में तीन और लोगों की मौत हो गई। मशरक के पूरब टोला निवासी पंकज कुमार सिंह की सुबह 10 बजे मौत हो गई। इसके बाद दोपहर में मशरक के रघुवर महतो और पानापुर के दूबौली गांव निवासी धर्मेंद्र राय की भी मौत हो गई। इन तीनों का भी परिवारवालों ने बिना पोस्टमॉर्टम के अंतिम संस्कार कर दिया। इस तरह तीन दिनों में कुल पांच लोगों की मौत सामने आई है। अब जानिए इलाज करवा रहे लोगों ने क्या कहा… स्प्रिट वाली शराब की दो पॉलीथीन पी ली थी इलाजरत मिंटू महतो ने बताया, 10 मार्च की रात मैं काम से घर लौट रहा था। इसी समय मुझे स्टेशन के पास स्प्रिट वाली दो पॉलीथीन शराब मिली। मैंने 5 मिनट के अंदर दोनों पॉलीथीन पी ली। 11 मार्च तक सब ठीक था, लेकिन 12 मार्च की शाम से आंखों से धुंधला दिखने लगा। इसके बाद 13 मार्च को आंखों में दिक्कत बढ़ गई। मैंने अपनी मां से कहा कि मुझे आंखों से सिर्फ वाइट-वाइट धूंधला सा दिख रहा है। दूर देखने में दिक्कत हो रही है। परिजन मुझे तुरंत सदर अस्पताल लाए। यहां मेरा ट्रीटमेंट चल रहा है। शराब के कारण आंखों की रोशनी जा रही एक अन्य मरीज पवन महतो की पत्नी नीतू देवी ने बताया, ‘मेरे पति को शराब की लत है। वह अक्सर मुझसे छिपकर शराब पीते हैं। 12 मार्च की शाम भी मेरे पति घर से काम पर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर शाम जब लौटे तो शराब के नशे में थे। रात में उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें धुंधला दिखाई देने लगा। उनकी आंखों की रोशनी जा रही है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि स्टेशन के पास कुछ लोग झोले में पाउच वाली शराब बेचते हैं और गांव के लोग वहीं से खरीदकर पीते हैं। बिहार में शराबबंदी नहीं है। अगर होती तो इतने लोगों की जान नहीं जाती। मेरे पति ने भी सस्ती शराब पी। इसी वजह से उनकी आंखों की रोशनी जा रही है। पूरे गांव में बिक रही शराब इलाजरत दूधनाथ शर्मा ने बताया, ‘गांव में कई जगह शराब बिक रही है। मैं पिछले 8 महीने से शराब की लत में पड़ गई थी। 12 मार्च को शराब पीने के बाद मेरी तबीयत खराब हो गई। मेरी बॉडी कांप रही है। मैं ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा हूं। सिर घूम रहा है।’ मशरक के रहने वाले कुंदन ने बताया, ‘11 मार्च की शाम मैंने दोस्तों के साथ शराब पी थी। इसके बाद से मुझे लगातार उल्टी हो रही है। होली का माहौल खत्म नहीं हुआ था और गांव में शराब आसानी से मिल रही थी। हालांकि, मेरी आंखों की रोशनी ठीक है।’ मृतक रघुवर महतो पर शराब बेचने का आरोप मृतकों में शामिल रघुवर महतो पर शराब बेचने का आरोप है। उस पर पहले भी शराब बेचने के आरोप लग चुके है। उनकी पत्नी सूरजमती देवी ने बताया, ‘मेरे पति और गांव के ही संतोष महतो ने शराब पी थी। मेरे पति को पहले भी शराब बेचने के आरोप में पुलिस पकड़कर ले गई थी, हालांकि घर से कुछ बरामद नहीं हुआ था।’ वहीं, सदर अस्पताल में ट्रीटमेंट करवा रहे एक अधेड़ ने बताया, ‘12 मार्च की शाम 5 बजे मैंने शराब पी थी। इसके बाद से ही मेरी तबीयत खराब होने लगी। 13 मार्च को मुझे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां मुझे BP की दिक्कत हो रही है।’