महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली क्षेत्र के गांव सुरेहती जाखल में बंद पड़े एक मकान में चोरी का मामला सामने आया है। चोर मकान के ताले तोड़कर नकदी, पीतल-कांसे के बर्तन और CRPF में रहे अधिकारी के मेडल व ट्रॉफी चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सविता निवासी गांव सुरेहती जाखल ने बताया कि उनका मकान 28 फरवरी 2026 से बंद पड़ा था। बीती शाम को उनके भतीजे आकाशवीर मकान पर पहुंचे और मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर गए तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे। कमरे के अंदर रखे संदूक के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। ट्राफियां भी ले गया चोर सूचना मिलने पर सविता सुबह मकान पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि घर से करीब 20 हजार रुपये नकद, पीतल की परात, कढ़ाई, बाल्टी, टोकनी, कांसे की थाली व कचौला, तांबे के दो लोटे, पीतल के दो लोटे, गैस चूल्हा और बिजली का चूल्हा गायब हैं। इसके अलावा उनके दिवंगत पति वीरेंद्र सिंह, जो CRPF में डिपार्टमेंटल कमांडेंट थे, के सभी मेडल और ट्रॉफियां भी चोरी हो गईं। पुलिस ने किया मामला दर्ज सूचना मिलने पर एएसआई अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सविता की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया है।