लोकसभा में सोमवार को श्रीनगर से सांसद आगा सैय्यद रुहूल्लाह मेहदी ने ईरान-इजराइल जंग में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दे रहे थे। इसी बीच BJP सांसदों ने ईरान जाओ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर आगा सैय्यद भड़क गए। आगा ने कहा- मैं ईरान क्यों चला जाऊं। मैं इजराइल की निंदा कर रहा हूं आपको क्यों तकलीफ हो रही है। इजराइल को आपने अपना फादरलैंड बनाया होगा, अपना पिताश्री बनाया होगा, हमारा नहीं। इधर, मंगलवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक, 2025 को वापस लेने की अनुमति के लिए प्रस्ताव पेश करेंगे। यह विधेयक कुछ कानूनों में संशोधन करने के लिए वापस लिया जाएगा। वहीं, बजट सत्र के पहले फेज में निलंबित किए गए 8 विपक्षी सांसदों का सस्पेंशन हटाया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की अध्यक्षता में सोमवार को हुई सर्वदलीय बैठक में इस पर सहमति बनी है। सूत्रों ने बताया कि सांसदों का निलंबन वापस लेने का प्रस्ताव मंगलवार को संसद में लाया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया है कि सांसद सदन में प्लाकार्ड और AI से बनी तस्वीरों का इस्तेमाल नहीं करेंगे और सदन की मर्यादा बनाए रखेंगे। ये आठ सांसद 4 फरवरी को लोकसभा से पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किए गए थे। उन पर हंगामा करने के दौरान स्पीकर पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी की कुर्सी की ओर कागज फेंकने का आरोप लगा था। यह हंगामा उस समय हुआ था जब राहुल गांधी सदन में पूर्वी लद्दाख में 2020 के भारत-चीन सीमा तनाव का जिक्र कर रहे थे।