अमृतसर में पूर्व पार्षद के भतीजे को गोली मारी:घर के बाहर कुत्तों को खाना खिला रहा था, बहन भी साथ खड़ी थी

अमृतसर में पूर्व कांग्रेस पार्षद लखनपाल के भतीजे पर फयरिंग दी गई। वह घर के बाहर बहन के साथ खड़े हुए थे और कुत्तों को खाना खिला रहे थे, इसी दौरान स्कूटी पर एक बदमाश पहुंचा, उसने अचानक गोली चला दी। जिससे गोली युवक के पेट में लगी और वहीं जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। वहीं परिवार के लोग घायल को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना देर रात करीब 11 बजे छेहरटा इलाके में हुई। घायल की पहचान सागर के नाम से हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था पुलिस के अनुसार, सागर रात में घर के बाहर कुत्तों को खाना खिलाते के लिए निकला था। उस वक्त उसकी बहन भी पास में खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक एक्टिवा पर सवार होकर आया, उसने हेलमेट पहन रखा था। वह पास पहुंचा और सीधे पेट में गोली मारकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले की जांच कर रही पुलिस एसीपी शिव दर्शन ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। फिलहाल किसी पुरानी रंजिश या गैंगस्टर कनेक्शन की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इस पहलू को भी नजरअंदाज नहीं कर रही। पूर्व मंत्री बोले- सरकार हर मोर्चे पर नाकाम उधर, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका ने इस घटना की कड़ी निंदा की, उन्होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है और आम लोग अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। राजकुमार ने सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है और मुख्यमंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।। उन्होंने कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *