राजा गार्डन कॉलोनी में लोगों ने सिलेंडर चुराने वाले मामा-भांजा पकड़े, पहले पीटा फिर पानी पिलाया

भास्कर न्यूज| जालंधर भार्गव कैंप क्षेत्र में सिलेंडर चोरी करते हुए दो लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। शहर में पहले से गैस सिलेंडर की दिक्कत चल रही है। ऐसे में लोग सिलेंडर चोरी होता देख आपे से बाहर हो गए। लोगों ने दोनों आरोपियों को काबू कर रस्सी से बांध दिया और जमकर पिटाई कर दी। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपी मामा-भांजा बताए जा रहे हैं। इलाके के एक व्यक्ति ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों को बस्ती दानिशमंदा क्षेत्र से ढूंढकर पकड़ा गया और उनके पास से चोरी किया गया सिलेंडर भी बरामद कर लिया गया है। लोगों ने बताया कि आरोपी चूल्हा ठीक करने के बहाने इलाके में आते थे और फिर मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। बस्ती बावा खेल इलाके की राजा गार्डन कॉलोनी में एक बंद घर को निशाना बनाते हुए स्कूटी सवार दो युवक 3 गैस सिलेंडर चुरा ले गए। घटना उस समय हुई जब घर के मालिक काम पर गए हुए थे। पीड़ित महिला प्रोमिला देवी ने बताया कि सिलेंडर उसके पति नरेश सिंह के नाम पर था, जिसमें एक उनका अपना और दो साथ रहने वाले नेपाल निवासी व्यक्ति के थे। उन्होंने बताया कि घर को ताला लगाकर वह पति के साथ मजदूरी पर गई थीं। लौटने पर चोरी का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली गई है। फुटेज में दो युवक हेलमेट पहनकर आते दिखाई दे रहे हैं, जो मास्टर चाबी से दरवाजा खोलते हैं और एक-एक कर सिलेंडर बाहर निकालकर स्कूटी पर लादकर फरार हो जाते हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सिलेंडर बरामद किए जाएंगे। इलाके के लोगों में घटना को लेकर रोष है। उनका कहना है कि महंगाई के दौर में सिलेंडर अब सोने से भी ज्यादा कीमती हो गया है और इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *