भास्कर न्यूज| जालंधर जालंधर-लुधियाना मार्ग पर बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बुजुर्ग और एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाएं तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुईं, जिससे सड़क सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पहला हादसा जालंधर-लुधियाना मार्ग पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में ग्रीन एनक्लेव निवासी गुरमुख सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के बेटे कंवलजीत सिंह ने बताया कि उनके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि कार चालक तेज गति से आ रहा था और उसने मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामला दर्ज हो गया है। दूसरा हादसा फिल्लौर के पास गांव सेल्कियां के नजदीक हुआ, जहां एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में स्वर्णा रानी (करीब 55 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा करणवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। मां-बेटा फिल्लौर की ओर जा रहे थे। रास्ते में इंदिरा कॉलोनी के पास मोटरसाइकिल पेड़ से टकरा गया। टक्कर से दोनों खेतों में जा गिरे। स्थानीय लोगों ने उन्हें सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने स्वर्णा रानी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके बेटे करणवीर को जालंधर रेफर कर दिया गया। पुलिस ड्यूटी अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक बाइक चलाते समय जेब से फोन निकालने की कोशिश कर रहा था, जिसके कारण वह संतुलन खो बैठा और हादसा हो गया।