अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश:पुलिस ने 6 को पकड़ा, 7 पिस्तौल मिली, पुर्तगाल व पाकिस्तान लिंक का खुलासा

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े अपराधी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात अत्याधुनिक पिस्तौल जब्त की हैं। पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों का संपर्क विदेश में रह रहे एक हैंडलर से था, जो पुर्तगाल से संचालित हो रहा था। इस हैंडलर के माध्यम से हथियार पाकिस्तान से भारत में तस्करी किए जा रहे थे और फिर इन्हें स्थानीय अपराधी तत्वों तक पहुंचाया जा रहा था। डीजीपी ने कहा, “पुलिस इस नेटवर्क को पूरी तरह से बेनकाब करने के लिए जांच में लगी हुई है। हम न सिर्फ इन आरोपियों को गिरफ्तार करेंगे बल्कि उनके पीछे छिपे सभी लिंक और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को भी उजागर करेंगे।” नशे और हथियार को लेकर जीरो टॉलरेंस इस मामले में FIR, PS कैंटोनमेंट, अमृतसर में दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है। डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस की अवैध हथियारों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि किसी को किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय नेटवर्क को पकड़ना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन लगातार सतर्कता और तकनीकी मदद से उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *