गाजियाबाद में एक 42 साल के ज्योतिषाचार्य ने 13वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस जब जांच करने फ्लैट के अंदर पहुंची, तो वहां उसकी 70 साल की मां की लाश पड़ी थी। लाश 2-3 दिन पुरानी बताई जा रही है। मां की लाश पर चोट के कोई निशान नहीं मिले। मामला कविनगर थाना क्षेत्र स्थित महागुणपुरम सोसाइटी का है। यहां राजवीर सिंह ग्राउंड फ्लोर के फ्लैट नंबर-028 में रहता था। वह ज्योतिषी था। काम ज्यादा नहीं चलने पर वह इन दिनों यूट्यूब पर कंटेंट पोस्ट करता था। बताया जा रहा है कि बेटा 3 दिन से घर में बंद था। उसकी पत्नी और 10 साल का बेटा अलग रहता है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पहले 3 तस्वीरें पुलिस ने बताया कि राजवीर सिंह पहले 13वीं मंजिल पर गया। वहां से वह डक्ट एरिया से नीचे कूद गया। राजवीर बीच में लगे लोहे के शेड से टकराते हुए नीचे ग्राउंड फ्लोर पर गिरा। डक्ट एरिया से 10 मीटर दूर ही लिफ्ट है, जहां गार्ड बैठा था। गार्ड ने किसी चीज के गिरने की तेज आवाज सुनी। इस पर वह भागकर डक्ट एरिया के पास गया। वहां राजवीर खून से लथपथ पड़ा था। गार्ड ने शोर मचाया, तो सोसाइटी के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद उन लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच शुरू की। पुलिस राजवीर के फ्लैट में जांच पड़ताल के लिए गई। फ्लैट से भीषण बदबू आ रही थी। पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो राजवीर की मां सतनाम कौर की लाश पड़ी थी। लाश 2 से 3 दिन पुरानी बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि राजवीर सिंह की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। वह कहीं जॉब नहीं करता था। उसकी पत्नी किरण क्रॉसिंग रिपब्लिक में रहती हैं और उनका एक 10 साल का बेटा भी है। आसपास के लोगों का कहना है कि राजवीर ही घर में आता-जाता दिखाई देता था। उसकी मां नहीं दिखाई देती थी। पुलिस मां की मौत के कारणों और राजवीर सिंह की आत्महत्या के पीछे की वजहों की जांच कर रही है। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया- आज दोपहर करीब 1:50 बजे डायल 112 से सूचना मिली कि महागुणपुरम में 13वीं मंजिल से एक व्यक्ति ने कूदकर जान देने की कोशिश की है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को मणिपाल हॉस्पिटल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह महागुणपुरम के विनायक टावर में अपनी मां के साथ रहता था। जब पुलिस फ्लैट पर पहुंची तो वहां उसकी मां का शव बेड पर मिला। यह 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है। शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। ———————— यह खबर भी पढ़िए… प्रयागराज में बेटे के सामने पत्नी को मार डाला, मासूम पुलिस से बोला- पापा ने रात में मम्मी का गला दबाया, हमें डांटा प्रयागराज में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद पति डेडबॉडी छोड़कर फरार हो गया। वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने 6 साल के बेटे ने बताया- पापा रात में मम्मी का गला दबा रहे थे। मैं जगा तो मुझे डांटकर सो जाने को कहा। पूरी खबर पढ़ें