मुजफ्फरपुर जिले के गरहां थाना क्षेत्र से अपहरण की शिकायत के बाद एक नाबालिग छात्रा ने एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में छात्रा ने दावा किया है कि उसका अपहरण नहीं हुआ है, बल्कि वह प्रेम प्रसंग के चलते घर से भागी है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में छात्रा ने खुद को बालिग बताते हुए कहा है कि उसने अपनी मर्जी से घर छोड़ा है। उसने पुलिस प्रशासन और अपने माता-पिता से अपील की है कि उसके प्रेमी विवेक कुमार के परिजनों सहित किसी पर भी कोई कार्रवाई न की जाए। हालांकि, वीडियो में यह नहीं बताया गया है कि प्रेमी युगल इस समय कहां हैं। इससे पहले, छात्रा की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर लिया गया है। मां के बयान के अनुसार, उनकी बेटी 12 मार्च को कफेन बाजार में कुछ सामान खरीदने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। उसका मोबाइल नंबर भी बंद पाया गया। कई दिनों तक खोजबीन के बाद जब छात्रा का पता नहीं चला, तो उसकी मां ने पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सहबाजपुर गांव के विवेक कुमार, बिक्रम कुमार और 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। गरहाँ थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस छात्रा की बरामदगी के प्रयास कर रही है। आगे की जाँच और कार्रवाई जारी है।