चैत्र नवरात्र के अवसर पर रामगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 स्थित मां काली मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन शुरू हो गया है। नवरात्र के पहले दिन माता के जयकारों के साथ यह आयोजन प्रारंभ हुआ, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। अखंड हरिकीर्तन के दौरान ‘हरे राम-हरे कृष्ण’ की मधुर धुन से मंदिर परिसर गूंज उठा। कीर्तन शुरू होते ही बड़ी संख्या में भक्त उमड़ पड़े। स्थानीय कलाकारों और कीर्तन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया, जिसमें श्रद्धालु रात भर झूमते रहे। ढोल-मजीरों की थाप और हरि नाम के संकीर्तन ने लोगों को भावविभोर कर दिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि नवरात्र के इस शुभ अवसर पर सुख-समृद्धि और शांति की कामना के साथ यह कीर्तन आयोजित किया गया है। मंदिर परिसर में भक्तों के लिए बैठने और प्रसाद की भी समुचित व्यवस्था की गई है। इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने और व्यवस्था संभालने में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों एवं युवाओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान अपलेश्वर सिंह, संतोष सिंह, गौतम खरवार, लुलु सिंह, अरुण सिंह, मोनू गुप्ता, रंजीत जायसवाल, रविशंकर सिंह, पिंटू चौरसिया, धनोज शर्मा, करिया सिंह, रामअवतार शर्मा, कुंदन संजय गुप्ता, डब्लू नट, कृष्णमुरारी गुप्ता, गुड्डू अग्रहरि, राकेश सेठ, कुंदन जायसवाल, टिंकू ठाकुर, बब्लू जायसवाल और चंदन चौबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।