मुजफ्फरपुर जिले के गरहां थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार शाम एक किराना दुकान से 200 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है। इस दौरान मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ का बाजार मूल्य लगभग 2500 रुपये बताया जा रहा है। पुलिस को हमीदपुर गांव में मादक पदार्थ बेचने वाले तस्करों के खिलाफ गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर गरहां पुलिस ने गुरुवार शाम छापामारी की। जांच के दौरान एक किराना दुकान से मादक पदार्थ जब्त किया गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान हमीदपुर गांव निवासी नारायण मंडल के पुत्र सुनील मंडल के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस सुनील मंडल से गहन पूछताछ कर रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।