लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड के 9 पैक्सों के अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए गुरुवार को मतगणना संपन्न हुई। इसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया का समापन हो गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देर रात दस बजे तक चली मतों की गिनती में कुछ स्थानों पर एकतरफा जीत दर्ज हुई, जबकि कुछ सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मतगणना के प्रमुख परिणामों में रामपुर पैक्स का रहा, जहां निवर्तमान अध्यक्ष ब्रजेश कुमार उर्फ बुढ़ा सिंह ने अपनी सीट बरकरार रखी। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजकुमारी देवी को 702 मतों के बड़े अंतर से हराया। ब्रजेश कुमार को कुल 903 मत मिले, जबकि राजकुमारी देवी को 201 मत प्राप्त हुए। वहीं, सलेमपुर पूर्वी पैक्स में मुकाबला बेहद करीबी रहा। यहां मनोज कुमार ने नीतीश कुमार को मात्र 5 मतों के अंतर से पराजित किया। मनोज को 92 मत मिले और नीतीश को 87 मत प्राप्त हुए। अवगिल रामपुर से विपिन बिहारी ने राजेंद्र मिश्र को 233 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। मतगणना के बाद घोषित परिणामों के अनुसार, विभिन्न पैक्सों के अध्यक्ष पद पर विजयी उम्मीदवारों की सूची इस प्रकार है: रामपुर से ब्रजेश कुमार उर्फ बुढ़ा सिंह, सलेमपुर पूर्वी से मनोज कुमार यादव, अवगिल रामपुर से विपिन कुमार बिहारी, चंदनपुरा से देवेंद्र प्रसाद सिंह, कवादपुर से नागेश्वर महतो, सलेमपुर पश्चिमी से राजेश कुमार और मोहम्मदपुर से गणेश प्रसाद सिंह। गोपालपुर से प्रेम कुमार गौतम और ताजपुर से अशोक कुमार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे, जिन्हें गुरुवार को औपचारिक प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इन पदों के लिए मतदान 18 मार्च को संपन्न हुआ था। गुरुवार सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई और रात 10 बजे चंदनपुरा के परिणाम के साथ समाप्त हुई। शाम होते ही प्रखंड परिसर में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिन्होंने अपने विजयी प्रत्याशियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के कारण दोपहर तक भीड़ कम थी, लेकिन बाद में परिसर में काफी लोग जमा हो गए। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।