करनाल में एक कारोबारी और उसके परिवार को व्हाट्सएप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप पूर्व सिक्योरिटी गार्ड पर लगे है। आरोपी ने अपनी आवाज में धमकी देते हुए विदेश भागने और बाद में परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात कही। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शोरूम मालिक ने दी शिकायत, पहले भी मिल चुकी थी धमकी
करनाल निवासी गुरहरमन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनका करनाल और कुरूक्षेत्र में कार शोरूम है। 29 अगस्त 2024 को उन्हें एक इंटरनेशनल नंबर से जान से मारने की धमकी मिली थी। इस मामले में सिटी थाना करनाल में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद उन्हें करीब एक साल तक पुलिस सुरक्षा दी गई थी। सिक्योरिटी के लिए रखा, बाद में विवाद बढ़ा
शिकायतकर्ता के अनुसार, पुलिस सुरक्षा खत्म होने के बाद 1 दिसंबर 2025 को कुरूक्षेत्र के गांव इशाखपुर निवासी प्रवीन कुमार को सिक्योरिटी के तौर पर रखा गया। बीती 22 जनवरी को शिकायतकर्ता परिवार सहित विदेश चले गए और जाने से पहले आरोपी को शोरूम व घर की देखभाल के लिए डेमो गाड़ी दी। गाड़ी को लेकर हुआ विवाद, मैनेजर से की बदसलूकी
बताया गया कि कंपनी के कर्मचारियों ने डेमो गाड़ी वापस लेकर आरोपी को मोटरसाइकिल दे दी। इस बात पर आरोपी ने मैनेजर के साथ गाली-गलौच और बदसलूकी की। इस मामले में बीती 14 मार्च को थाना सिटी करनाल में रपट दर्ज की गई है। बिना बताए नौकरी छोड़ी, कर्मचारियों को भी दी धमकी
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह बीती 10 फरवरी को विदेश से लौटे तो पता चला कि आरोपी 05 फरवरी के बाद काम पर नहीं आया। कर्मचारियों के माध्यम से पता चला कि आरोपी ने उनके साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और परिवार को धमकी दी। व्हाट्सएप पर दी धमकी, विदेश भागने की कही बात
17 मार्च को आरोपी ने अपने मोबाइल से व्हाट्सएप के जरिए शिकायतकर्ता के नंबर पर कॉल कर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि वह डंकी के जरिए अमेरिका या कनाडा भाग जाएगा और वहां से लौटकर बदला लेगा। उसने एक अस्पताल मालिक और उसके ड्राइवर की घटना का जिक्र करते हुए अंजाम भुगतने की बात भी कही। पहले भी दर्ज हैं मामले, हथियार लाइसेंस का दुरुपयोग आरोप
शिकायत में बताया गया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें 10 अप्रैल 2019 का केस भी शामिल है। आरोपी पर लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग कर लोगों को धमकाने के आरोप हैं। पुलिस ने किया केस दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन करनाल में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।