जालंधर के डेरा बल्लां में नतमस्तक हुए वित्त मंत्री चीमा:गुरु रविदास का बाणी अध्ययन सेंटर बनाने का किया ऐलान, बोले- शोध की होगी सुविधा

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने जालंधर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा श्री सचखंड बल्लां में नतमस्तक होने के बाद एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। राज्य सरकार ने डेरा बल्लां के समीप फरीदपुर और नौं गजां गांवों में 10 एकड़ जमीन खरीदी है, जहां गुरु रविदास महाराज जी की बाणी अध्ययन सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इस केंद्र में पीएचडी स्तर तक की शिक्षा और शोध की सुविधा होगी, जिसका उद्देश्य गुरु साहिब की बाणी और दर्शन को वैश्विक स्तर पर प्रचारित करना है। अध्ययन सेंटर को विश्व स्तरीय शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित करेगी सरकार वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने बताया कि इस अध्ययन सेंटर को एक विश्व स्तरीय शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां लगभग 500 छात्र एक साथ बाणी पर शोध और अध्ययन कर सकेंगे। इस सेंटर से बड़ी संख्या में स्कॉलर्स (विद्वान) निकलेंगे जो गुरु रविदास जी के शांति और समानता के संदेश को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाएंगे। जल्द होगा शिलान्यास चीमा ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। बहुत जल्द मुख्यमंत्री खुद डेरा बल्लां का दौरा करेंगे और संत निरंजन दास जी के कर-कमलों द्वारा इस अध्ययन सेंटर का नींव पत्थर (शिलान्यास) रखा जाएगा। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु अग्रवाल और नेता पवन टीनू भी मौजूद रहे। राजस्थान से बकाया राशि पर केंद्र से उम्मीद राजस्थान से पंजाब के बकाया 1.44 लाख करोड़ रुपए के मुद्दे पर वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मान इस मामले को गंभीरता से उठा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चूंकि राजस्थान में अब भाजपा की सरकार है, इसलिए केंद्र सरकार इस लंबित राशि को पंजाब को दिलाने में सकारात्मक भूमिका निभाएगी। सिंचाई प्रोजेक्ट का उद्घाटन वित्त मंत्री ने जानकारी दी कि मंत्री वरिंदर गोयल द्वारा कंडी क्षेत्र में शुरू किए गए लिफ्टिंग पंप प्रोजेक्ट से 50 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इस तकनीक के जरिए अब खेतों तक पानी आसानी से पहुंचेगा, जिससे कृषि क्षेत्र में आने वाली पानी की किल्लत दूर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *