हांसी नगर परिषद अफसरों- व्यापारियों में बहस:दुकान को सील करने से रोका, ताला तोड़कर फेंका, व्यापारी नेता बोला- पूरा शहर इकट्‌ठा कर दूंगा

हांसी शहर में शुक्रवार शाम भगत सिंह रोड पर उस समय हंगामा हो गया, जब नगर परिषद के अधिकारी बकाया हाउस टैक्स के चलते एक दुकान को सील करने पहुंचे। व्यापारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का विरोध किया और अधिकारियों को दुकान सील करने से रोक दिया। जानकारी के अनुसार, नगर परिषद की टीम भगत सिंह रोड निवासी राजकुमार की आटा चक्की पर 64 हजार रुपए बकाया टैक्स बताकर सीलिंग की कार्रवाई करने पहुंची थी। जैसे ही अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की, व्यापार मंडल के सदस्य मौके पर पहुंच गए और विरोध जताना शुरू कर दिया। इस दौरान अधिकारियों और व्यापारियों के बीच तीखी बहस हुई, जिससे मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हंगामे के बीच, व्यापारियों ने नगर परिषद द्वारा दुकान पर लगाए गए ताले को तोड़ दिया और उसे सड़क के बीच में फेंक दिया। दुकानदार बोला- 20 हजार रुपए जमा करा दिए थे दुकानदार राजकुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले भी अधिकारी दुकान सील करने आए थे, जिस पर उन्होंने 26 फरवरी को 20 हजार रुपए जमा करवा दिए थे। इसके बावजूद, अब 64 हजार रुपए बकाया दिखाकर फिर से कार्रवाई की जा रही है। व्यापारी नेता प्रवीण तायल ने नगर परिषद पर मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा गलत तरीके से टैक्स निर्धारित किया जा रहा है और व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। तायल ने यह भी चेतावनी दी कि यदि इस तरह दुकान को सील किया गया तो पूरा शहर एकत्रित हो जाएगा। हालांकि, दुकानदार के पास पहले जमा करवाई गई राशि की रसीद मौके पर उपलब्ध नहीं थी। वहीं, व्यापारियों का आरोप है कि नगर परिषद के पास भी टैक्स का स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं है और बिना ठोस आधार के कार्रवाई की जा रही है। अधिकारी बोले- 16 साल पुराना टैक्स बकाया इस मामले में नगर परिषद सचिव एंजेल वायु ने बताया कि संबंधित प्रॉपर्टी का करीब 16 साल पुराना टैक्स बकाया है। उनके अनुसार 20 हजार रुपए जमा कराने के बाद भी 64 हजार रुपए अब भी बकाया हैं, जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई की जा रही थी। साथ ही नगर परिषद सचिव ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों के साथ बदतमीजी करने के आरोप में दुकानदार और व्यापारी नेता के खिलाफ शहर थाना में शिकायत भी दर्ज करवाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *