सेवा संवाद समाधान दिवस में फरियादियों की गुहार:पीरो में 8 में 1 का तुरंत निपटारा, बाकी पर तेज कार्रवाई

भोजपुर जिले के पीरों अनुमंडल कार्यालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित सेवा संवाद समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं पर प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की। कुल आठ परिवादियों ने अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णकांत उपाध्याय के समक्ष अपनी-अपनी शिकायतें रखीं, जिनमें एक मामले का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। बाकी सात मामलों में प्रशासन ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी। कुछ मामलों में दूसरे पक्ष को नोटिस जारी करने, कुछ में स्पष्टीकरण मांगने और एक मामले में धारा 163 के तहत प्रक्रिया आरंभ करने का निर्देश दिया गया है। सुनवाई में भूमि विवाद के सबसे अधिक छह मामले सामने आए, जिनमें चरपोखरी, मुकुंदपुर, अगीआंव बाजार और पीरो क्षेत्र के परिवादी शामिल हैं। इसके अलावा चपटही से गली में ईंट सोलिंग और जमनीपुर से राशन कार्ड से जुड़ी समस्या भी रखी गई, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। एसडीओ ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों को मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि फरियादियों को भटकना न पड़े और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *