हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के रामाशीष चौक के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी सवार मां-बेटी को कुचल दिया। इस हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक महिला की पहचान सदर थाना क्षेत्र के धोवघटी निवासी गंगासागर राय की पत्नी फूलन देवी के रूप में हुई है। हादसे में घायल उनकी बेटी तन्नू कुमारी को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर यातायात थाने की पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मां और बेटी स्कूटी पर सवार होकर किसी काम से हाजीपुर आ रही थीं। रामाशीष चौक के निकट पहुंचते ही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। मां-बेटी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया घटना की सूचना मिलते ही राहगीर और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। यातायात थाने की पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मां-बेटी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि वे किसी काम से हाजीपुर जा रही थीं। घटना की जानकारी परिजनों द्वारा स्थानीय थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।