सोनीपत में STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़:झज्जर अपहरण केस से जुड़ा मामला, दो के पैर में लगी गोली; तीन गिरफ्तार

हरियाणा के सोनीपत जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हुई है। अपहरण कर पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगने वाले गिरोह का पीछा कर रही एसटीएफ टीम ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य आरोपियों को मौके से काबू कर लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस बल तैनात कर जांच शुरू कर दी गई है। अपहरण और फिरौती से जुड़ा मामला जानकारी के अनुसार झज्जर जिले में बीडीएफ कॉलेज के मालिक के बेटे का अपहरण कर बदमाशों ने पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही पुलिस और एसटीएफ की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। मेंहदीपुर गांव के पास मुठभेड़ सोनीपत के मेंहदीपुर गांव के पास एसटीएफ बहादुरगढ़ की टीम ने संदिग्ध बलेरो गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। गाड़ी में सवार पांच बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दो बदमाशों को लगी गोली मुठभेड़ के दौरान चित्रांदन उर्फ मंजीत और विन्नी नामक दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। हथियार और गाड़ी बरामद पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो पिस्तौल, चार गोलियों के खोल और एक बलेरो गाड़ी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे। अस्पताल में कराया गया भर्ती घायल बदमाशों को इलाज के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बाद में उनको रेफर किया गया है। पुलिस सुरक्षा के बीच डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *