कपूरथला में DSP ने बिना नंबर प्लेट थार पकड़ी:तहसीलदार का बेटा चला रहा था, बीकन लाइट जब्त; पत्नी ने पुलिस से की बहस

कपूरथला के माल रोड पर देर रात एक बिना नंबर प्लेट और बीकन लाइट लगी थार गाड़ी को पुलिस ने रोका। डीएसपी सबडिवीजन शीतल सिंह ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी से बीकन लाइट जब्त कर ली। इस दौरान तहसीलदार की पत्नी ने पुलिस से बहस की। जानकारी के अनुसार, डीएसपी शीतल सिंह गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित विरासती मेले में शामिल होने जा रहे थे। माल रोड पर उन्होंने बिना नंबर प्लेट वाली थार गाड़ी देखी, जिसमें बीकन लाइट लगी थी और एक युवक अंदर बैठा था। युवक ने खुद को तहसीलदार का बेटा बताया पूछताछ करने पर युवक ने खुद को अमृतसर में तैनात एक तहसीलदार का बेटा बताया। हालांकि, वह गाड़ी के दस्तावेज और बीकन लाइट के उपयोग के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसी बीच, तहसीलदार की पत्नी भी मौके पर पहुंच गईं और पुलिस से बहस की, जिससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई। पीसीआर इंचार्ज चरणजीत सिंह खेहरा ने बताया कि इस युवक को पहले भी ऐसी गाड़ी चलाने के लिए चेतावनी दी जा चुकी थी। डीएसपी ने गाड़ी के दस्तावेजों की जांच के बाद ड्राइवर को सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया, लेकिन गाड़ी पर लगी बीकन लाइट को जब्त कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *