हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज ( रविवार को) गुरुग्राम दौरे पर हैं। सेक्टर-91 के कांकरौला गांव में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों को प्राथमिकता के आधार पर आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरआरटीएस का कार्य तेजी से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि, एक साल के अंदर 33 हजार युवाओं को बिना पर्ची बिना खर्ची के नौकरी देने का कार्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने किया है। हरियाणा में पहली बार सीईटी परीक्षा के लिए घर से लेकर सेंटर तक पहुंचाने का काम सरकार ने किया है। 2709 लाभार्थियों को सौंपेंगे फ्लैट की चाबी रैली में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के 2709 लाभार्थियों को फ्लैट की चाबी सौंपेंगे। सीएम रैली में मंच पर पहुंच गए हैं। कुछ ही देर में वह रैली को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री बादशाहपुर क्षेत्र में कई बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात दे सकते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री सेक्टर-57 स्थित मेफील्ड गार्डन में आयोजित शहीद दिवस समारोह में शिरकत करेंगे। यहां वे शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रूट प्लान, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़ी तैयारियां एक दिन पहले ही पूरी कर ली गई थी। शनिवार शाम को मुख्यमंत्री भी गुरुग्राम पहुंच गए थे। यहां उन्होंने जिलाध्यक्ष समेत तमाम बड़े नेताओं से मुलाकात की। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह विकसित बादशाहपुर महारैली की अध्यक्षता कर रहे हैं। ऐसे में सांसद राव इंद्रजीत के रैली में पहुंचने के आसार कम है। बताया जा रहा है कि स्थानीय सांसद होने के चलते उन्हें निमंत्रण भेजा गया है, लेकिन व्यक्तिगत रूप से आने का न्यौता नहीं दिया गया है। अमित शाह से मिलकर आए थे राव इंद्रजीत बता दें कि, छह दिन पहले सांसद राव इंद्रजीत सिंह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले थे और दक्षिण हरियाणा के विकास और राजनीति को लेकर लंबी चर्चा की थी। 22 मार्च को ही पटौदी की विधायक बिमला देवी ने एक कार्यक्रम रखा था, जिसमें सांसद राव इंद्रजीत को बतौर मुख्य अतिथि बुलाया था, लेकिन दो दिन पहले ही इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि बिमला देवी को मुख्यमंत्री की रैली में पहुंचने को कहा गया है।