हिसार रेलवे स्टेशन से सिरसा ससुराल जाने के लिए ट्रेन में बैठी 22 वर्षीय युवती अपने डेढ़ साल के बेटे के साथ संदिग्ध हालात में लापता हो गई। युवती की मां ने खुद उन्हें प्लेटफॉर्म नंबर-2 से ट्रेन में बैठाया था, लेकिन दोनों अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे। मामले में जीआरपी थाना हिसार ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एफआईआर के अनुसार, हिसार संजय नगर निवासी रोशनी ने बताया कि 19 मार्च को उसने अपनी बेटी मनीषा (22) और उसके डेढ़ साल के नातिन को हिसार रेलवे स्टेशन से सिरसा जाने वाली ट्रेन में बैठाया था। इसके बाद वह घर लौट आई। लेकिन जब बेटी सिरसा नहीं पहुंची और उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। रोशनी ने बताया कि, बेटी की सिरसा में रानिया गेट के पास शादी हुई है। दामाद मजदूरी करते हैं। वह खुद सिरसा रेलवे स्टेशन पर लड़की को लेने गए थे, मगर वह ट्रेन में नहीं मिली। परिजनों ने तलाश की, मगर पता नहीं चला परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद 21 मार्च को मामले की शिकायत जीआरपी थाना हिसार में दी गई। एफआईआर में बताया गया कि घटना हिसार से सिरसा के बीच ट्रेन यात्रा के दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे से 4:30 बजे के बीच हुई। पुलिस ने अज्ञात परिस्थितियों में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। ऐसे हैं दोनों के हुलिए
मनीषा की उम्र 22 साल है, रंग सांवला, पतला शरीर, कद करीब 5 फुट, लाल सूट-सलवार और पैरों में काले रंग की हवाई चप्पल पहनी हुई है। बच्चा के नाम अरमान है। उम्र करीब डेढ़ साल, रंग गेहूंआ, गोल चेहरा, कद करीब 2 फुट, खाकी चेक शर्ट और नीली निकर पहनी हुई है। जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई बलवंत सिंह को सौंपी है। रेलवे रूट पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित स्थानों पर तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही दोनों का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। युवती की मां रोशनी देवी ने बताया कि परिजन अब भी उसे अपने स्तर पर तलाश कर रहे हैं। दामाद खुद सिरसा रेलवे स्टेशन पर शाम 7 बजे तक उसे ढूंढते रहे, जबकि उसे 4 बजे ट्रेन से उतरना था।