पटियाला की नाभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक गुरदेव सिंह देव मान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में वह कार्यक्रम के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति को लात मारते और स्टेज से नीचे धकेलते नजर आ रहे हैं। घटना लुधियाना में 8 मार्च की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने विधायक पर निशाना साधा है। वहीं देव मान का कहना है कि बुजुर्ग व्यक्ति नशे में था और बार-बार स्टेज पर चढ़ रहा था, जिसे नीचे उतारने के दौरान यह स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को कई बार शालीनता से नीचे जाने के लिए कहा गया, लेकिन वह नहीं माना। राजनीतिक लाभ के लिए बढ़ा-चढ़ाकर वीडियो को पेश किया जा रहा है। पहले जानिए वीडियो में क्या दिख रहा एक 10 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि कुर्ता-पाजामा पहने एक बुजुर्ग व्यक्ति जैसे ही मंच पर चढ़ता है, तो विधायक उसे सम्मान देने के बजाय खुद पकड़कर नीचे की ओर धक्का देते हुए दिख रहे हैं। विधायक के साथ मौजूद बाउंसर भी बुजुर्ग के साथ बदसलूकी करते नजर आ रहे है। इसी दौरान वहां पर पुलिसकर्मी और अन्य लोग भी मौजूद हैं। विधायक बुजुर्ग को मंच से नीचे उतार देते हैं और फिर विधायक वापस स्टेज पर चले जाते हैं। चमकीला-अमरजोत की बरसी का था आयोजन जानकारी के मुताबिक 8 मार्च को लुधियाना के दुगरी में मशहूर पंजाबी सिंगर अमर सिंह चमकीला और अमरजोत कौर की 38वीं बरसी पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया था। विधायक देव मान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। विपक्ष ने साधा निशाना वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने इसे मुद्दा बना लिया। कांग्रेस नेताओं ने वीडियो शेयर करते हुए कहा कि सत्ता के नशे में AAP नेता अब आम लोगों और बुजुर्गों का अपमान कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी विधायक के व्यवहार की जमकर आलोचना हो रही है। विवाद बढ़ने पर विधायक की सफाई विवाद बढ़ने के बाद विधायक गुरदेव सिंह देव मान ने अपनी सफाई दी है। उनका कहना है कि वीडियो को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उनके अनुसार संबंधित बुजुर्ग व्यक्ति शराब के नशे में था और बार-बार स्टेज पर चढ़कर गाना गाने की जिद कर रहा था। विधायक ने कहा कि उनका मकसद किसी बुजुर्ग का अपमान करना नहीं था। देव मान ने यह भी कहा कि विपक्षी पार्टियां इस घटना को राजनीतिक लाभ के लिए बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही हैं। मजीठिया बोले- ये घमंड से भरी सोच की निशानी उधर, अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने वीडियो पोस्ट कर लिखा-आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर अपनी सोच और नैतिकता की असलियत सामने ला दी है। आप एमएलए देव मान का स्टेज से एक बुज़ुर्ग को लात मारना उनके मेंटल लेवल को दिखाता है।
बुज़ुर्गों के साथ ऐसा बर्ताव दिखाना दिखाता है कि आप नेताओं में न तो नैतिकता है और न ही कोई मोरैलिटी। यह सिर्फ एक इंसान की गलती नहीं है, बल्कि घमंड से भरी सोच की निशानी है। आप एमएलए देव मान को बुज़ुर्गों की बेइज्ज़ती करने के लिए तुरंत माफ़ी मांगनी चाहिए और आम आदमी पार्टी को भी इस पर अपना स्टैंड साफ़ करना चाहिए।