सिरसा एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ा एक्शन लिया है। इंस्पेक्टर सत्यवान की अगुवाई वाली टीम ने हिसार के एचटीएम थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर नेहरा सिंह को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान रिश्वत की पूरी राशि बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि एचटीएम थाने में दर्ज एक केस में फायदा पहुंचाने के एवज में एसआई ने रिश्वत मांगी थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को शिकायत दी थी। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सिरसा टीम को इस्पेक्टर सत्यावान के नेतृत्व में रेड करने के लिए भेजा और पूरा जाल बिछा दिया। जैसे ही एसआई ने रिश्वत के पैसे जेब में डाले टीम ने रंगे हाथ उसे गिरफ्तार कर लिया।यह कार्रवाई दोपहर करीब 3 बजे की गई है। अभी तक टीम कार्रवाई कर रही है। जीरो टोलरेंस के तहत कार्रवाई यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ सिरसा एसीबी की लगातार चल रही सख्त मुहिम का हिस्सा है, जिसमें हाल के महीनों में कई अधिकारी और कर्मचारी पकड़े जा चुके हैं। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की जांच चल रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।