सोनीपत में बीच सड़क पर 5-6 युवकों की गुंडागर्दी:लूट के लिए ड्राइवर को पीटा; दूध की गाड़ी रोक वारदात

सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में सड़क पर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है, जहां दूध सप्लाई कर रहे ड्राइवर और उसके साथी पर कुछ अज्ञात युवकों ने बीच रास्ते हमला कर दिया। कार सवार बदमाशों ने पहले गाड़ी को रोककर रास्ता जाम किया और फिर ड्राइवर के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूध लेकर जा रहे थे सोनीपत कुरुक्षेत्र के देवीदासपुरा के रहने वाले अशोक ने शिकायत में बताया कि वह अपनी गाड़ी नंबर HR 65 A 4362 में करनाल से दूध लेकर सोनीपत जा रहा था। उसके साथ ड्राइवर सुरज भी मौजूद था। जब वे गन्नौर के रेलवे रोड होते हुए जनता स्कूल रोड पर पहुंचे, तभी एक स्विफ्ट और एक वरना कार में सवार युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी कार लगाकर रोक लिया।
5-6 युवकों ने की मारपीट और दी धमकी पीड़ित के अनुसार, दोनों कारों से उतरे 5-6 अज्ञात युवकों ने बिना किसी कारण उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने ड्राइवर सुरज को निशाना बनाते हुए उसे चोटें पहुंचाई और दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। अशोक का आरोप है कि लूट के इरादे से हमला किया गया और कैश भी लेकर फरार हो गए हैं। मेडिकल में सामने आई चोटें घटना के बाद घायल सुरज का मेडिकल कराया गया, जिसमें डॉक्टर ने उसे तीन चोटें (ब्लंट) होने की पुष्टि की है। मेडिकल रिपोर्ट को पुलिस जांच का हिस्सा बनाया गया है। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात पुलिस द्वारा की गई तस्दीक के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें साफ तौर पर दिखाई दिया कि स्विफ्ट कार सवार युवकों ने गाड़ी रोककर ड्राइवर के साथ मारपीट की, इससे मामले की पुष्टि हुई। जांच के बाद थाना गन्नौर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 191(2), 190, 115(2), 126(2) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस मामला दर्ज होने के बाद एएसआई सतबीर जांच में जुट गए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर छानबीन कर रही है, ताकि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *