पंजाब-चंडीगढ़ में लगातार दो दिन मौसम ड्राई रहने की वजह से तापमान बढ़ने लगा है। बीते 24 घंटे में तापमान में 2.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। अब यह सामान्य के करीब बन गया है। वहीं, मौसम विभाग चंडीगढ़ की तरफ से आज 23 मार्च के लिए 11 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं है। इस दौरान रूपनगर में 28.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है, जबकि चंडीगढ़ में 28.1 डिग्री तापमान रहा है। आज इन जिलों में बारिश की संभावना मौसम विभाग के मुताबिक, आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा में छिटपुट बारिश हो सकती है। हालांकि, 24 मार्च को मौसम पूरी तरह से ड्राई रहेगा। जबकि उसके बाद अगले दो दिन यानी 25-26 मार्च को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 26 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा मौसम को प्रभावित करने वाला एक पश्चिमी विक्षोभ इस समय ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय है, जिसके साथ राजस्थान और आसपास के इलाकों में हल्की हवा की हलचल भी बनी हुई है, जबकि ऊपर की ओर तेज रफ्तार जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। इन सभी कारणों से अगले कुछ दिनों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है और 26 मार्च के आसपास एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आने से उत्तर-पश्चिम भारत, खासकर पंजाब क्षेत्र में हल्की बारिश या बादल बढ़ने की संभावना है। तापमान 4 से 6 डिग्री तक बढ़ेगा मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि राज्य में 23, 25, 26 और 28 मार्च को अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि अगले 4 दिनों में दिन का तापमान 4 से 7 डिग्री तक बढ़ेगा और उसके बाद तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा।