रंधावा सुसाइड केस में घिरे IAS अफसरों से सीधी बात:DC बोले-DM मुझसे मिले थे, एमडी का जवाब-मैंने खुद बात की; FIR में 2 अज्ञात आरोपी कौन?

पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा सुसाइड केस में प्रदेश के 2 IAS अफसरों समेत 7 लोग सवालों के घेरे में हैं। इन दोनों IAS अधिकारियों के नाम गौतम जैन और राहुल सिंधु हैं। इनमें से गौतम जैन वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के MD हैं जबकि राहुल सिंधु तरनतारन के DC हैं। गगनदीप सिंह रंधावा की पत्नी दोटूक कह चुकी हैं कि उनके पति ने राहुल सिंधु और गौतम जैन को बाकायदा लेटर लिखकर मिनिस्टर लालजीत सिंह भुल्लर की ओर से दी जा रही प्रताड़ना के बारे में बताया था मगर दोनों ने कोई एक्शन नहीं लिया। इसी का नतीजा रहा कि उनके पति डिप्रेशन में चले गए और परिवार को बचाने के लिए सल्फास निगलकर जीवनलीला खत्म कर ली। इन आरोपों को लेकर दैनिक भास्कर ने दोनों IAS अधिकारियों से सीधे सवाल किए, जिस पर दोनों ने कहा कि उनको ऐसी कोई चिट्ठी नहीं मिली। उधर रंधावा की पत्नी ने 2 अज्ञात आरोपियों के नाम भी एफआईआर में लिखवाए हैं। पुलिस अभी तक इन दोनों के बारे में भी कुछ नहीं बता रही। आइए जानते हैं खुद पर लगे आरोपों के बारे में इन दोनों IAS अधिकारियों ने क्या सफाई दी… तरनतारन के DC राहुल सिंधु से भास्कर की बातचीत… सवाल: डीएम रंधावा ने आपको मिनिस्टर लालजीत सिंह भुल्लर के साथ हुई घटना के बारे में 14 मार्च को जो लेटर दिया था उस पर क्या कार्रवाई की?
जवाब: मुझे कोई लेटर 14 मार्च या उसके बाद डीएम रंधावा की तरफ से नहीं मिला। सवाल: उनकी पत्नी दावा कर रही हैं कि उनके पति ने अफसरों को लेटर दे दिए थे और वो एक सप्ताह से इसी काम में लगे थे?
जवाब: मुझे कोई लेटर नहीं मिला। लेटर की ऑरिजनल कॉपी तो उनकी पत्नी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई है। इसका मतलब है कि जो लेटर सर्कुलेट हो रहे हैं, वो तो उनकी पत्नी के पास ही हैं। सवाल: क्या रंधावा इस संबंध में आपसे मिले थे?
जवाब: हां जी, 17 मार्च- मंगलवार को मिले थे। सवाल: रंधावा ने आपको क्या बताया?
जवाब: सोशल मीडिया पर जो लेटर चल रहे हैं, उनमें जो बातें लिखी हैं वही बातें की। कुछ बातें ऐसी भी थी जो कि वायरल लेटर में नहीं हैं वो भी कही थी। सवाल: आपने क्या एक्शन लिया?
जवाब: मैंने उनसे कहा था कि जो आपने मुझे मौखिक तौर पर कहा है, वो ऑफिशियली लिखकर दें। मैं निश्चित तौर पर कार्रवाई करवाऊंगा, चाहे इसमें कोई भी इन्वॉल्व हो। सवाल: क्या रंधावा ने आपको लिखकर दिया?
जवाब: नहीं, उन्होंने इस संबंध में मुझे लिखित तौर पर कुछ नहीं दिया। मैं उनकी ऑफिशियली लिखित कार्रवाई का इंतजार कर रहा था। इसी बीच उन्होंने आत्महत्या कर ली जो बेहद दुर्भाग्यपूण है। गगनदीप रंधावा ने तरनतारन DC से की थी मुलाकात
तरनतारन के डीसी राहुल सिंधु ने स्पष्ट किया कि रंधावा ने उन्हें 14 मार्च या उसके बाद कोई आधिकारिक पत्र नहीं दिया और जो पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं उनकी मूल कॉपियां रंधावा की पत्नी के पास ही हैं। हालांकि, डीसी ने यह जरूर माना कि 17 मार्च (मंगलवार) को रंधावा उनसे मिले और मौखिक रूप से उन शिकायतों और कुछ अन्य गंभीर बातों का जिक्र किया जो वायरल पत्रों में भी दर्ज हैं। उस समय DC ने उनसे सभी आरोपों को आधिकारिक तौर पर लिखित रूप में देने के लिए कहा था ताकि वे नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर सकें, मगर रंधावा ने कुछ लिखित में नहीं दिया। पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के एमडी गौतम ने क्या कहा… सवाल: अमृतसर में तैनात वेयरहाउसिंग के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा ने आपको 14 मार्च को दो लेटर लिखे थे। उन पर आपने क्या कार्रवाई की?
जवाब: मेरे पास डीएम गगनदीप रंधावा के कोई लेटर नहीं आए। सवाल: उनकी पत्नी और परिवार कह रहा है कि उन्होंने अफसरों को लेटर भेजे थे।
जवाब: मेरे पास कोई लेटर नहीं आए। वैसे भी उनकी पत्नी ने प्रेस कांफ्रेंस में लेटर दिखाए हैं। ओरिजनल लेटर उन्हीं के पास हैं, जिससे स्पष्ट है कि मुझे लेटर भेजे ही नहीं गए। सवाल: उन्होंने ट्रांसफर के लिए भी लेटर लिखा था?
जवाब: ट्रांसफर के संबंध में भी कोई लेटर नहीं दिया। सवाल: आपने फिर उनका ट्रांसफर चंडीगढ़ क्यों किया?
जवाब: मुझे घटना की जानकारी मिली तो मैंने उनसे बात की। उन्होंने अपनी बात रखी और कहा कि मैं स्ट्रेस में हूं और यहां काम नहीं कर सकता। उसके अगले ही दिन उनका ट्रांसफर चंडीगढ़ कर दिया ताकि वो यहां स्ट्रेस फ्री रहकर काम कर सकें। सवाल: आपने इस संबंध में सेक्रेटरी, चीफ सेक्रेटरी या सीएम को अवगत कराया?
जवाब: मैंने उनका हित ध्यान में रखते हुए ही चंडीगढ़ ट्रांसफर किया था। मैं इस संबंध में जानकारी जुटा रहा था ताकि कंक्रीट जानकारी सीनियर्स को दी जा सके। उससे पहले ही उन्होंने यह दुर्भाग्यपूर्ण कदम उठा लिया। हम अब भी परिवार की मदद के लिए हर वक्त खड़े हैं। इस समय परिवार बातचीत करने की स्थिति में नहीं है, उन्हें इस समय कनवेंस करना सभव नहीं है। महकमा उनके परिवार की पूरी मदद करेगा। स्ट्रेस में थे रंधावा, चंडीगढ़ ट्रांसफर किया
पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के एमडी गौतम जैन ने स्पष्ट किया है कि उन्हें गगनदीप रंधावा की ओर से 14 मार्च को ट्रांसफर की एप्लीकेशन नहीं दी गई। विभाग को भी कोई लेटर नहीं मिला। एमडी के अनुसार, जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने खुद रंधावा से बात की। रंधावा ने स्ट्रेस में होने और वहां काम न कर पाने की बात कही, जिसके आधार पर अगले ही दिन उनका ट्रांसफर चंडीगढ़ कर दिया गया। जानें डीएम रंधावा सुसाइड केस में किस पर क्या आरोप लालजीत भुल्लर: टेंडर के लिए दबाव, मारपीट और धमकी के आरोप
गगनदीप सिंह रंधावा सुसाइड केस में आम आदमी पार्टी के विधायक और पूर्व ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर लालजीत भुल्लर पर आरोप हैं कि उन्होंने पिता को टेंडर दिलाने के लिए रंधावा पर प्रेशर बनाया। डिपार्टमेंट के अधिकारियों पर रंधावा का तबादला न करने का दबाव बनाया। उनके परिवार को गैंगस्टरों से मरवाने की धमकी दी और घर बुलाकर पीटा। साथ ही रिश्वत लेने के कबूलनाम के जबरदस्ती वीडियो बनवाई। रंधावा की पत्नी ने लालजीत भुल्लर पर FIR कराई है। पत्नी के अनुसार, लालजीत भुल्लर ने ही उनके पति पर अपने पिता को टेंडर दिलाने का अनुचित दबाव बनाया जबकि रंधावा की टेंडर दिलाने में कोई भूमिका नहीं थी। पिता को टेंडर न मिलने पर लालजीत भुल्लर ने रंधावा को 13 मार्च को पट्टी स्थित अपनी कोठी में बुलाया और मारपीट की। यही नहीं, लालजीत भुल्लर ने रंधावा को धमकी दी कि वह उनके परिवार के पीछे गैंगस्टर लगवाकर पूरे खानदान को मिटा देगा। इसी से आहत होकर रंधावा ने सल्फास निगल ली। पुलिस ने रंधावा सुसाइड केस में 21 मार्च की रात अमृतसर में एफआईआर दर्ज की मगर अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। दैनिक भास्कर एप ने इस मामले में लालजीत भुल्लर से बात करने के लिए उनके मोबाइल नंबर 9874000007 पर कॉल की। मोबाइल पर रिंग गईं लेकिन कॉल रिसीव नहीं की गई। गगनदीप सिंह रंधावा सुसाइड केस में दूसरा प्रमुख नाम लालजीत सिंह भुल्लर के पिता सुखदेव भुल्लर का है। सुखदेव भुल्लर पर आरोप है कि उनकी टेंडर लेने की जिद्द के कारण ही रंधावा पर प्रेशर बनाया गया। उसे पट्टी में बुलाकर कपड़े उतरवाकर पीटा गया। सुखदेव भुल्लर ने ही सबसे पहले पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के एमडी राहुल जैन को लेटर लिखकर बाबा नागा एग्रोटेक फर्म की फाइनेंशियल बिड पर आपत्ति जताई। अपनी शिकायत में सुखदेव भुल्लर ने कहा था कि 17 एकड़ में बनने वाले वेयरहाउस के लिए टेंडर पट्टी के लिए था जबकि बाबा नागा एग्रोटेक फर्म ने उसमा गांव में जमीन दिखाकर नियमों के खिलाफ ये टेंडर हासिल किया है। दैनिक भास्कर ने इस मामले में सुखदेव भुल्लर का पक्ष जानने के लिए उनके नंबर 82889-14555 पर 21 मार्च को 2 बार फोन किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं की गई। 22 मार्च को फोन किया तो मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। लालजीत भुल्लर के पीए दिलबाग का नाम भी एफआईआर में है। दिलबाग पर आरोप है कि उसकी मौजदूगी में भुल्लर की कोठी पर रंधावा को पीटा गया। गगनदीप रंधावा की पत्नी के मुताबिक- उनके पति ने घर आकर बताया कि जब मारपीट हुई तो भुल्लर का पीए दिलबाग भी वहां मौजूद था। रंधावा की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 13 मार्च को हुई मारपीट के बाद जब उसके पति घर लौटे तो उन्होंने बताया कि मारपीट के समय भुल्लर की कोठी में टोटल 5 लोग मौजूद थे। इनमें से तीन के नाम लालजीत भुल्लर, सुखदेव भुल्लर व दिलबाग थे। बाकी दो लोग कौन थे, वह उनके नाम नहीं जानती। इसी बयान के आधार पर पुलिस ने FIR में 2 अज्ञात लोगों का जिक्र किया है। ॰॰॰॰॰॰॰ ये खबरें भी पढ़ें… भुल्लर के ऑफिस में केजरीवाल संग फोटो, CM मान गायब:4 साल में कभी ट्रांसपोर्ट मंत्रालय नहीं बदला; FIR के बाद भी सपोर्टर्स का शक्ति प्रदर्शन पंजाब स्टेट वेयरहाउस कारपोरेशन के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस के में मुख्य आरोपी लालजीत भुल्लर भले ही पहली बार MLA व मंत्री बने हों, लेकिन AAP के दिल्ली दरबार में उनका रसूख साफ नजर आता है। भुल्लर के तरनतारन में पट्‌टी स्थित मुख्य दफ्तर के मेन गेट पर लगे बोर्ड पर उनकी सिर्फ अरविंद केजरीवाल के साथ फोटो लगी है। इसमें से CM भगवंत मान गायब हैं। पढ़ें पूरी खबर… 2 दिन से अस्पताल में पड़ी DM की लाश:पुलिस पोस्टमॉर्टम, परिवार पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी पर अड़ा; CM ने जांच का विषय बताया वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा (45) का तीसरे दिन भी पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। उनकी लाश अमृतसर के अस्पताल में रखी गई है। अमृतसर पुलिस ने पूर्व AAP मंत्री लालजीत भुल्लर, उनके पिता सुखदेव भुल्लर और PA दिलबाग सिंह पर शनिवार आधी रात FIR दर्ज कर ली है। पढ़ें पूरी खबर… पंजाब DM सुसाइड, पूर्व AAP मंत्री-पिता पर FIR, पुलिस पोस्टमॉर्टम तो परिवार गिरफ्तारी पर अड़ा, संयुक्त विपक्ष का प्रदर्शन; CM बोले- यह जांच का विषय पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड केस में उनका परिवार AAP सरकार के पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर और उनके पिता सुखदेव भुल्लर की गिरफ्तारी पर अड़ गया है। रंधावा की पत्नी ने कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं होती, वह पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *